Bharat Express DD Free Dish

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी Steve Smith ने वनडे क्रिकेट से लिया संन्यास, चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल के बाद किया बड़ा ऐलान

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में भारत से हार के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की.

Steve Smith Retirement

Steve Smith Retirement: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है. भारत के खिलाफ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में हार के बाद उन्होंने यह फैसला लिया. हालांकि, वह टेस्ट और टी20 फॉर्मेट में खेलते रहेंगे.

भारत के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में स्मिथ ने 73 रनों की शानदार पारी खेली थी, लेकिन उनकी टीम को चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा. मैच के बाद उन्होंने अपने साथियों को बताया कि यह उनका आखिरी वनडे मैच था. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने इस खबर की पुष्टि की है.

14 साल का शानदार वनडे करियर

35 साल के स्टीव स्मिथ ने अपने 14 साल के वनडे करियर में 170 मैच खेले और 5800 रन बनाए. उनका औसत 43.28 रहा, जबकि स्ट्राइक रेट 86.96 का था. इस दौरान उन्होंने 12 शतक और 35 अर्धशतक जड़े.

वनडे क्रिकेट में स्मिथ का करियर एक ऑलराउंडर के रूप में शुरू हुआ था, लेकिन बाद में वह दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में शामिल हो गए. अपने करियर में उन्होंने 28 विकेट भी लिए और 90 कैच पकड़े.

दो वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे

स्टीव स्मिथ 2015 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का अहम हिस्सा थे. माइकल क्लार्क के संन्यास के बाद उन्होंने टीम की कप्तानी भी संभाली. अपने करियर में उन्होंने 64 वनडे मैचों में कप्तानी की, जिसमें से 32 मैचों में जीत और 28 में हार मिली.

चैंपियंस ट्रॉफी में भी वह ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कर रहे थे. हालांकि, यह भूमिका उन्हें पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में अंतरिम कप्तान के रूप में मिली थी.

स्टीव स्मिथ ने संन्यास पर क्या कहा?

अपने संन्यास की घोषणा करते हुए स्मिथ ने कहा, “यह सफर बहुत शानदार रहा. मैंने हर पल का लुत्फ उठाया. दो वर्ल्ड कप जीतना सबसे खास यादों में से एक रहेगा. अब 2027 वर्ल्ड कप के लिए टीम को तैयार होने का मौका देना जरूरी है. यही सही समय है कि मैं वनडे को अलविदा कहूं.”

उन्होंने आगे कहा, “टेस्ट क्रिकेट मेरी प्राथमिकता बनी रहेगी. मैं वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, वेस्टइंडीज दौरे और इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज का इंतजार कर रहा हूं. मुझे लगता है कि अभी टेस्ट क्रिकेट में मेरे पास बहुत कुछ देने के लिए बाकी है.”

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दी श्रद्धांजलि

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने स्मिथ की तारीफ करते हुए कहा, “स्टीव स्मिथ का वनडे करियर शानदार रहा है. उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को बहुत कुछ दिया. उनकी बल्लेबाजी का क्लास और लीडरशिप हमेशा याद रखी जाएगी.”

मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने भी स्मिथ के फैसले का समर्थन किया. उन्होंने कहा, “स्टीव हमेशा कहते रहे हैं कि वह अपने करियर को एक सीरीज दर सीरीज देखते हैं. उनकी वनडे रिकॉर्ड बेहतरीन है और वह दो बार वर्ल्ड कप जीतकर एक महान खिलाड़ी के रूप में विदा हो रहे हैं.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read