Honey Singh’s Bhojpuri Song Controversy: चर्चित फिल्म अभिनेत्री नीतू चंद्रा की ओर से दायर की गई जनहित याचिका पर पटना हाईकोर्ट में सुनवाई 28 मार्च, 2025 को होगी. इस याचिका में भोजपुरी गाने के माध्यम से महिलाओं के प्रति अश्लीलता और अपमानजनक चित्रण पर रोक लगाने की मांग की गई है.
उपरोक्त याचिका में सिंगर हनी सिंह के गाने “मनिएक” का उल्लेख किया गया है, जिसमें महिलाओं को सेक्स सिंबल के रूप में दिखाने और गानों में डबल-मीनिंग वर्ड्स के उपयोग को अश्लील बताया गया है.
याचिका में लगाए गए गंभीर आरोप
याचिकाकर्ता ने कोर्ट में दावा किया कि हनी सिंह के गाने में महिलाओं को उपभोग की वस्तु के रूप में प्रस्तुत किया जाता है और यह गाने बच्चों, महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं. याचिका में यह भी कहा गया है कि भोजपुरी भाषा में महिलाओं का बहुत खराब चित्रण किया जा रहा है और गानों में गंदी बातें व अपशब्दों का खुलेआम उपयोग किया जा रहा है, जिसे रोकने के लिए न तो कोई कानूनी कदम उठाए गए हैं और न ही दिशानिर्देश जारी किए गए हैं.

याचिका में यह तर्क भी प्रस्तुत किया गया है कि भारतीय संविधान के तहत बोलने और अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन इसके कुछ सीमाएं भी हैं. अगर कोई इस सीमा का उल्लंघन करता है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. अदालत ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है और यह टिप्पणी की है कि यह जनहित याचिका सही प्रतीत होती है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



