मुगल शासक औरंगजेब की कब्र को लेकर देशभर में चल रहे विवाद पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक बालमुकुंद आचार्य ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि किसी भी लुटेरे जिहादी की कब्र भारत में नहीं होनी चाहिए.
बालमुकुंद आचार्य ने बातचीत में कहा कि औरंगजेब एक लुटेरा जिहादी था, और उसकी कब्र भारत में नहीं होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और उनकी सहयोगी पार्टियां भारत के मुसलमानों को भड़काने का काम कर रही हैं. आचार्य ने यह भी कहा कि भारत का मुसलमान भारतीय था, जबकि औरंगजेब बाहर से आया था, और इसके लिए भारत के मुसलमानों को लड़ने की जरूरत नहीं है.
कोचिंग बिल पर आचार्य की प्रतिक्रिया
बालमुकुंद आचार्य ने राजस्थान सरकार द्वारा कोचिंग बिल लाने की सराहना भी की. उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार हमेशा जनता के लिए बेहतर सुविधाएं लाती है. राजस्थान के गरीब परिवार के बच्चे कोचिंग में पढ़ाई के लिए जाते हैं, लेकिन निजी कोचिंग संस्थानों की मनमानी चलती है. शिक्षा अब एक व्यवसाय बन गई है, जिस पर कड़ा नियंत्रण जरूरी है.”
गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा बालमुकुंद आचार्य की सुरक्षा की मांग पर आचार्य ने पलटवार किया. आचार्य ने कहा कि डोटासरा ने इशारों-इशारों में लोगों को भड़काने का काम किया है. “क्या डोटासरा यह तय कर सकते हैं कि मुझे सुरक्षा की जरूरत है या नहीं?” आचार्य ने कहा, “अगर मेरे ऊपर हमला होता है, तो इसके जिम्मेदार गोविंद सिंह डोटासरा होंगे.”
इससे पहले, गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा था, “भगवान करे कि बालमुकुंद आचार्य सुरक्षित रहें, लेकिन मैं तो डीजीपी से उनकी सुरक्षा की मांग करता हूं. उनके नफरत भरे कामों से कभी भी किसी का सिर फिर सकता है.”
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

