Bharat Express DD Free Dish

पुतिन की भारत यात्रा के लिए तैयारियां जोरों पर, भारत-रूस संबंधों को मिलेगी नई गति: लावरोव

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने पुतिन की आगामी भारत यात्रा की तैयारियों की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि भारत-रूस के रिश्ते तेजी से प्रगति कर रहे हैं.

Putin India visit

Putin India Visit: रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने हाल ही में कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आगामी भारत यात्रा के लिए तैयारियां की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि भारत और रूस के बीच राजनीतिक संबंध ‘गतिशील रूप से विकसित’ हो रहे हैं और दोनों देशों के दृष्टिकोण उभरती बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था पर मेल खाते हैं.

लावरोव ने कहा, “हमारे देशों के बीच रिश्तों का इतिहास बहुत पुराना है और यह समय की कसौटी पर बार-बार खरा उतरा है.”

उनके अनुसार, दोनों देशों के बीच यह संबंध न केवल ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि समकालीन वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों के विचार समान हैं.

‘रूस और भारत: द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक नया एजेंडा‘ सम्मेलन में लावरोव का संबोधन

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इन विचारों को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘रूस और भारत: द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक नए एजेंडे की ओर’ में व्यक्त किया. इस सम्मेलन में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी अपने विचार साझा किए.

पुतिन की आगामी भारत यात्रा

लावरोव ने आगे कहा कि यह प्रतीकात्मक है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल पुनः चुने जाने के बाद अपनी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा के रूप में रूस का दौरा किया था. अब बारी रूस की है. उन्होंने पुष्टि की कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और उनकी भारत यात्रा की तैयारियां चल रही हैं.

पुतिन का पिछले भारत दौरा और आगामी यात्रा

इससे पहले क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने बताया था कि पुतिन 2025 की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के नेताओं के बीच साल में एक बार मिलने का समझौता है, और इस बार भारत यात्रा का अवसर रूस को मिलेगा.

रूसी राष्ट्रपति की पिछली भारत यात्रा 6 दिसंबर, 2021 को हुई थी, जब उन्होंने 21वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया था. इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने 2022 में रूस की दो महत्वपूर्ण यात्राएं कीं, जिसमें जुलाई में 22वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन और अक्टूबर में कजान में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन शामिल थे.


इसे भी पढ़ें- आखिर संसद में कैसे पहुंची सिर कटी मछली, पार्लियामेंट में सांसदों ने मचाया बवाल


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest