जेडी वेंस ने परिवार के साथ अक्षरधाम मंदिर में किए दर्शन.
JD Vance In India: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सपरिवार अक्षरधाम मंदिर के दर्शन किए. वह चार दिवसीय आधिकारिक भारत यात्रा पर सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचे. जेडी वेंस, अपनी पत्नी और तीन बच्चों – इवान, विवेक और मीराबेल के साथ मंदिर पहुंचे. तीनों बच्चों ने भारतीय पोशाक पहनी हुई थी.
JD Vance ने मंदिर की सराहना की
वेंस परिवार ने मंदिर की शानदार कला और वास्तुकला का आनंद लिया और भारत की विरासत व सांस्कृतिक गहराई से अनुभव किया. उन्होंने अक्षरधाम परिसर में अंकित सद्भाव, पारिवारिक मूल्यों और शाश्वत ज्ञान के संदेशों की सराहना की.
JD Vance ने अतिथि पुस्तिका में क्या लिखा?
अतिथि पुस्तिका में अपना अनुभव साझा करते हुए, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने लिखा, ‘इस खूबसूरत जगह पर मेरा और मेरे परिवार का स्वागत करने के लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद. यह भारत के नाम बड़ा श्रेय है कि आपने सटीकता और देखभाल के साथ एक सुंदर मंदिर बनाया. हमारे बच्चों को, विशेष रूप से यह बहुत पसंद आया.” अमेरिकी उपराष्ट्रपति जयपुर और आगरा भी जाएंगे. उनके साथ पेंटागन और विदेश विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी चार दिवसीय यात्रा पर आए हैं.
जेडी वेंस इस कार्यकाल में भारत आने वाले ट्रंप प्रशासन के दूसरे वरिष्ठ अधिकारी हैं. पहली बार राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड भारत आई थीं, जिन्होंने मार्च में दौरा किया था. उन्होंने प्रधानमंत्री और अन्य अधिकारियों से मिलने के अलावा रायसीना डायलॉग को भी संबोधित किया था. रायसीना डायलॉग राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के नेताओं और दुनिया भर के विशेषज्ञों की एक वार्षिक सरकार समर्थित बैठक है. वेंस 13 वर्षों में भारत की यात्रा करने वाले पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति हैं. इससे पहले 2013 फरवरी में तत्कालीन उपराष्ट्रपति और बाद में राष्ट्रपति बने जो बाइडेन भारत आए थे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
