Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

एनआईए की बड़ी कार्रवाई: 6 राज्यों में छापेमारी, खालिस्तानी हथियार व ड्रग्स नेटवर्क पर शिकंजा

एनआईए ने पाकिस्तान समर्थित खालिस्तानी तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 राज्यों में 18 ठिकानों पर छापेमारी की और कई सबूत जुटाए हैं. जांच में अहम सुराग मिले हैं.

NIA

पाकिस्तान समर्थित खालिस्तानी नेटवर्क के जरिए हथियार और मादक पदार्थों की सीमा पार तस्करी के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को देश के छह राज्यों में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई पंजाब, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और कर्नाटक में कुल 18 स्थानों पर की गई.

छापेमारी के दौरान एनआईए ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं. एजेंसी इन सामग्रियों की गहराई से जांच कर रही है ताकि पूरे षड्यंत्र की परतें खोली जा सकें और पंजाब, जम्मू-कश्मीर सहित देश के अन्य हिस्सों में हो रही कट्टरपंथी गतिविधियों का खुलासा किया जा सके.

विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में हैं

एनआईए ने यह कार्रवाई मामले संख्या RC-18/2024/NIA/DLI के तहत की है, जो 20 दिसंबर 2024 को दर्ज किया गया था. छापेमारी उन संदिग्धों के परिसरों पर की गई जो पाकिस्तान स्थित संगठनों से जुड़े बताए जा रहे हैं और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों की विचारधारा से प्रभावित हैं.

जांच में यह भी सामने आया है कि ये तत्व सोशल मीडिया के जरिए विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में हैं, जिन पर खालिस्तान समर्थक तत्व होने का संदेह है. एजेंसी का मानना है कि इनका मकसद भारत को अस्थिर करना है.

एनआईए ने कहा है कि मामले में जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट: कालकाजी EVM जारी, वीवीपैट संरक्षित; NIA ने PFI नेता की पैरोल का किया विरोध

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism

Latest