Bharat Express DD Free Dish

CWC Meeting: राहुल-प्रियंका, सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, खड़गे बोले- ‘पहलगाम हमले पर सरकार की नीति स्पष्ट नहीं’

कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में खड़गे ने पहलगाम आतंकी हमले के मुद्दे पर कहा कि केंद्र सरकार एक्‍शन ले, विपक्ष एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ आपका सहयोग करेगा.

CWC Meeting

आज राजधानी दिल्ली में हुई कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं— मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिस्सा लिया. बैठक की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर केंद्र सरकार की नीति पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट रणनीति सामने नहीं लाई है.

‘आतंक के खिलाफ सरकार के साथ है विपक्ष’

खड़गे ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दे पर विपक्ष सरकार के साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने की जरूरत है. खड़गे ने यह भी दोहराया कि कांग्रेस पार्टी हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है, लेकिन सरकार को अपनी नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर पारदर्शिता बरतनी चाहिए.

पहलगाम में जान गंवाने वाले शुभम के परिवार से मिले राहुल गांधी

कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि राहुल गांधी ने कानपुर में हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिजनों से मुलाकात की है. कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि जिन लोगों की जान गई, उन्‍हें शहीद जैसा उचित दर्जा और सम्मान दिया जाए.

कांग्रेस की इस बैठक में यह संदेश दिया गया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि पूरे देश की जिम्मेदारी है, और इसमें सभी दलों को मिलकर काम करना चाहिए.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read