Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

फ्रेंच वीजा घोटाला: CBI ने 8 पर चार्जशीट, इंटरपोल से पहला ‘सिल्वर नोटिस’ जारी

सीबीआई ने फ्रांस के दूतावास में हुए वीजा घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. आरोपियों में लॉ ऑफिसर, उनके परिवार और वीज़ा एजेंट शामिल हैं.

फ्रांस के दूतावास में हुए वीजा घोटाले के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों के खिलाफ दिल्ली स्थित माननीय CBI अदालत में चार्जशीट दाखिल की है. इन आरोपियों में फ्रेंच एंबेसी के वीज़ा विभाग में कार्यरत स्थानीय लॉ ऑफिसर, उनके पिता, भाई, पत्नी, दो वीज़ा एजेंट और दो दलाल शामिल हैं.

CBI की अंतरराष्ट्रीय परिचालन शाखा ने फ्रांस के दूतावास, नई दिल्ली में वीज़ा धोखाधड़ी की जानकारी के आधार पर यह मामला दर्ज किया था. जांच में सामने आया कि जनवरी 2021 से मई 2022 के बीच आरोपी लॉ ऑफिसर ने पंजाब के ऐसे आवेदकों को निशाना बनाया, जो शेंगेन वीजा प्राप्त करना चाहते थे. एजेंटों के नेटवर्क के माध्यम से इन आवेदकों से प्रति व्यक्ति ₹13 लाख से ₹45 लाख तक वसूले गए.

फर्जी वीजा प्रक्रिया और साक्ष्य नष्ट करने की साजिश

इस रकम के बदले आरोपियों ने फर्जी तरीके से वीजा आवेदन प्रक्रिया पूरी की और वीजा जारी होने के बाद संबंधित दस्तावेजों और फाइलों को नष्ट कर दिया. जांच के दौरान पंजाब और दिल्ली में कई स्थानों पर छापेमारी कर करोड़ों की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज़ और भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई.

CBI ने यह भी खुलासा किया कि दो वीज़ा एजेंटों ने धोखाधड़ी से मिली रकम को कई बैंक खातों के जरिए आरोपी लॉ ऑफिसर शुभम शौकीन और उनके परिवार – पिता समुंदर सिंह, भाई अभिषेक शौकीन और पत्नी आरती चौधरी – तक पहुँचाया. इस कार्य में दो दलालों ने भी मदद की.

विदेशों में अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों का पता लगाने के लिए CBI की इंटरनेशनल ऑपरेशंस डिविजन और इंटरपोल सहयोग इकाई ने समन्वय कर इस मामले में भारत का पहला ‘सिल्वर नोटिस’ इंटरपोल से जारी करवाया. यह नोटिस विदेशों में अपराध की कमाई का पता लगाने की प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण कदम है.

CBI ने इस मामले में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर साक्ष्य जुटाए हैं और भरोसा दिलाया है कि वह सीमा पार अपराधों पर लगाम लगाने और भारत एवं विदेश में ठगे गए पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है.

चार्जशीट में नामित आरोपी

  • शुभम शौकीन – स्थानीय लॉ ऑफिसर
  • अभिषेक शौकीन – भाई
  • समुंदर सिंह – पिता
  • आरती चौधरी – पत्नी
  • बलविंदर सिंह बर्टिया – वीजा एजेंट
  • प्रितपाल सिंह – वीजा एजेंट
  • जसनदीप सिंह सिद्धू – दलाल
  • भवन शौकीन – दलाल

CBI की यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वीज़ा धोखाधड़ी जैसे अपराधों पर कड़ा प्रहार मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें: सांबा के नड्ड में संदिग्ध गतिविधि की सूचना, सेना और पुलिस का सघन तलाशी अभियान जारी

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read


Pension Mission Shakti Digital

Latest