तस्वीर: महाभारत धारावाहिक में राजा युधिष्ठिर और भगवान श्री कृष्ण के दृश्य
यह बात 5 हजार साल से भी ज्यादा पुरानी है. द्वापर युग का अंतिम चरण चल रहा था, महाभारत का युद्ध समाप्त हो चुका था. कौरवों की हार और पांडवों की विजय के बाद युधिष्ठिर को हस्तिनापुर का राजा घोषित किया गया था. इस समय भगवान श्रीकृष्ण ने विचार किया कि अब उनका कार्य पूर्ण हो चुका है और उन्हें द्वारका लौट जाना चाहिए. उन्होंने पांडवों से यह बात साझा की तो कुंती और युधिष्ठिर ने उन्हें रोकने का प्रयास किया.
श्रीकृष्ण ने पूछा— अब कौन सी परेशानी शेष है?
युधिष्ठिर ने भावुक होकर श्रीकृष्ण से कहा कि उन्होंने यह विजय अपने प्रियजनों को खोकर प्राप्त की है. यह जीत उन्हें शांति नहीं, बल्कि आत्मग्लानि दे रही है. उन्होंने कहा कि राजा बनना जितना कठिन है, उतना ही कठिन होता है उस पद को निभाना.
सफलता के साथ आती हैं नई जिम्मेदारियां
श्रीकृष्ण ने युधिष्ठिर को समझाया कि हर जीत के साथ नई जिम्मेदारियां और परेशानियां आती हैं. सफलता का मतलब सिर्फ विजय नहीं, बल्कि उस विजय को सही दिशा में ले जाना भी है. उन्होंने कहा कि हमें अपनी असफलताओं से भी सीखना चाहिए और अहंकार या लापरवाही से दूर रहना चाहिए.

श्रीकृष्ण ने सुझाया मार्ग— भीष्म से लें शिक्षा
श्रीकृष्ण ने महसूस किया कि युधिष्ठिर पूरी तरह से बात को नहीं समझ पाए हैं. इसलिए उन्होंने पांडवों को सुझाव दिया कि वे भीष्म पितामह के पास चलें, जो उस समय बाणों की शैया पर थे. भीष्म ने उन्हें ‘राजधर्म’ की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि राजा का कर्तव्य सिर्फ शासन करना नहीं, बल्कि प्रजा के कल्याण के लिए कार्य करना होता है.
‘सफल व्यक्ति वह है जो दुख से सीखता है’
श्रीकृष्ण ने युधिष्ठिर को यह भी बताया कि केवल वही व्यक्ति सफल माना जाता है जो दुख और संकट से घबराता नहीं, बल्कि उसमें से कुछ सीखकर और मजबूत बनकर निकलता है. युधिष्ठिर का दर्द और आत्मनिरीक्षण उन्हें एक संवेदनशील और योग्य राजा बनने की दिशा में अग्रसर कर रहा था.

जब मन उलझे, तो मार्गदर्शन लें: परमेश्वर
इस प्रसंग में यह स्पष्ट होता है कि जब भी जीवन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो, तो किसी ज्ञानी, अनुभवी या गुरु से मार्गदर्शन लेना चाहिए. श्रीकृष्ण स्वयं यह संदेश देकर भीष्म के पास ले गए ताकि युधिष्ठिर को स्पष्टता मिल सके.
‘विनम्रता ही सफलता की असली पहचान है’
इस प्रसंग की सबसे महत्वपूर्ण शिक्षा यह है कि सफलता के साथ विनम्रता और आत्मचिंतन बहुत आवश्यक है. युधिष्ठिर का संवेदनशील स्वभाव यही दर्शाता है कि एक सच्चा नेता वही होता है जो स्वयं को सर्वज्ञ न समझे, बल्कि सदैव सीखने और सुधारने को तत्पर रहे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

