पाकिस्तान ने 2026 में नोबल शांति पुरस्कार देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम आगे किया
Pakistan On Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की खुशामद करने में पाकिस्तान कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है. सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बाद अब पाकिस्तान सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को नोबल पुरस्कार देने की मांग की है.
पाकिस्तान ने 2026 में नोबल शांति पुरस्कार देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम आगे किया है. पाकिस्तान का कहना है कि उन्होंने दो न्यूक्लियर पावर देशों के बीच मध्यस्थता करके संघर्ष विराम कराने में अहम भूमिका निभाई. इसलिए इस पुरस्कार के असली हकदार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ही हैं.
ट्रंप की वजह से भारत-पाक के बीच युद्ध टला- पाकिस्तान
पाकिस्तान सरकार ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि डोनाल्ड ट्रंप ने नई दिल्ली और इस्लामाबाद से बातचीत कर दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष को रोकने में अहम भूमिका निभाई थी. वो डोनाल्ड ट्रंप ही थे जिनकी वजह से दो न्यूक्लियर ताकतों के बीच युद्ध की आशंका टल गई.
आसिम मुनीर के साथ ट्रंप ने की थी मुलाकात
बता दें कि, बुधवार को पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात की थी. जानकारी के मुताबिक ट्रंप और मुनीर की ये मुलाकात एक बंद कमरे में हुई थी. इसके बाद दोनों ने एक साथ लंच भी किया था.
आसिम मुनीर और ट्रंप ने साथ किया था लंच
मुलाकात के बाद पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ करते हुए उनकी भारत पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता के पेशकश की सराहना की. उन्होंने कहा कि जबतक कश्मीर के मुद्दे का हल नहीं निकल जाता, तबतक इस क्षेत्र में स्थाई शांति नहीं आ सकती. इसके अलावा पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने डोनाल्ड ट्रंप को नोबल पुरस्कार भी देने की मांग की थी.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


