लालू प्रसाद यादव
बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है क्योंकि यह लगभग तय हो गया है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एक बार फिर लालू प्रसाद यादव ही होंगे. लालू यादव जल्द ही आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपना नॉमिनेशन करेंगे. इसको लेकर पार्टी के भीतर अध्यक्ष पद को लेकर औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 2025 से 2028 तक के कार्यकाल के लिए होगी. वहीं लालू प्रसाद यादव को फिर से आरजेडी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर बीजेपी हमलावर है. बीजेपी ने आरजेडी पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर हमले कर रही है.
बता दें कि, राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल खत्म हो रहा है . जिसके बाद एक बार फिर से 2025 से लेकर 2028 तक के लिए आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चुनाव प्रक्रिया शुरू होने जा रही है.
लालू यादव दाखिल करेंगे अपना नॉमिनेशन
जब इस बारे में आरजेडी के राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दकी से पत्रकारों ने पूछा तो उन्होंने साफ कहा कि राजद का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ही होंगे. लालू यादव पटना के बापू सभागार में अपने उम्मीदवारी पद को लेकर नॉमिनेशन दाखिल करेंगे.
लालू यादव ही होंगे राजद के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष
वहीं लालू प्रसाद के अस्वस्थ होने के सवाल पर सिद्दकी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव भले ही अस्वस्थ हैं, लेकिन वो तमाम कार्यक्रमों में और जहां भी उनकी जरूरत पड़ती है वो वहां मौजूद हो जाते हैं. इसलिए राजद का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ही होंगे.
ये भी पढ़ें- डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर बोले PM मोदी- उनका अमूल्य योगदान हमेशा याद किया जाएगा
बीजेपी हुई हमलावर
अब्दुल बारी सिद्दीकी के ऐलान के साथ ही अब इस पर जमकर सियासत शुरू हो गई है एक तरफ आरजेडी जहां लालू प्रसाद यादव को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष मान रही है तो दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी से डिप्टी सीएम विजय सिंहा ने साफ तौर पर कहा कि माननीय न्यायालय के द्वारा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को दोषी करार दिया गया है. इसलिए यह संविधान और लोकतंत्र का अपमान है.
डिप्टी सीएम ने आरजेडी नेताओं को बताया बंधुवा मजदूर
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने आगे कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई को लूटने वाले को ही आरजेडी का बार-बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा रहा है यह अपने आप में ही सवाल खड़े कर रहा है . क्या आरजेडी में ऐसा कोई भी बेदाग छवि का व्यक्ति नहीं है जो आरजेडी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सके. साफ तौर पर विजय सिंहा ने कहा कि आरजेडी में जो लोग इस समय हैं वो सिर्फ और सिर्फ बंधुवा मजदूर हैं और उनसे मैं यह कहना चाहूंगा कि यदि दागदार छवि वाले व्यक्ति को आप पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाएंगे तो आपकी पार्टी का पतन निश्चित है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


