नीता अंबानी और मशहूर शेफ विकास खन्ना
भारत की खुशबू, स्वाद और संस्कृति अब न्यूयॉर्क की सड़कों तक पहुंचने वाली है. रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी और मशहूर शेफ विकास खन्ना एक खास इवेंट लेकर आ रहे हैं, जो भारतीय परंपरा, कला और खानपान को दुनिया के सामने नए अंदाज़ में पेश करेगा.
इस खास आयोजन का नाम है ‘NMACC India Weekend’, जो 12 से 14 सितंबर तक अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के प्रतिष्ठित लिंकन सेंटर में आयोजित होगा. तीन दिन तक चलने वाले इस इवेंट में भारतीय खाने की विविधता, पारंपरिक परिधान, रंग-बिरंगी कलाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक मिलेगी. यानी जो लोग भारत नहीं आ सकते, वो भारत को वहां महसूस कर सकेंगे.
“ये सिर्फ खाना नहीं, भारत की आत्मा है”
नीता अंबानी ने इस कार्यक्रम को लेकर कहा कि यह आयोजन सिर्फ स्वाद या व्यंजन तक सीमित नहीं है, ये भारत की आत्मा, हमारे इतिहास और हमारी विरासत को दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश है.
शेफ विकास खन्ना की खास भूमिका
इस आयोजन में भारत के मशहूर शेफ विकास खन्ना एक अहम भूमिका निभा रहे हैं. वो भारतीय व्यंजनों को अमेरिका में प्रमोट कर रहे हैं. यहां परोसे जाने वाला हर निवाला भारत के किसी कोने की कहानी कहेगा.
ये भी पढ़ें- गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद पहुंचे, निजामाबाद में राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड के मुख्यालय का करेंगे उद्घाटन
भारत की सॉफ्ट पावर का नया अंदाज़
यह इवेंट सिर्फ भारतीय प्रवासियों के लिए नहीं, बल्कि अमेरिका और दुनियाभर के लोगों के लिए एक मौका है भारत को करीब से जानने का. कला, संगीत, डांस और खाने के जरिए भारत की सॉफ्ट पावर को इंटरनेशनल मंच पर पेश किया जा रहा है.
न्यूयॉर्क में दिखेगा ‘मिनी इंडिया’
जिस तरह से यह आयोजन तैयार किया जा रहा है, उससे साफ है कि लिंकन सेंटर इन तीन दिनों में ‘मिनी इंडिया’ में बदल जाएगा. यहाँ आने वाला हर मेहमान न सिर्फ भारत की विविधता से रूबरू होगा, बल्कि एक अनुभव लेकर लौटेगा ऐसा अनुभव, जो उसे भारत की मिट्टी से जोड़ देगा.
इस तरह NMACC इंडिया वीकेंड भारतीय संस्कृति और परंपरा को ग्लोबल स्टेज पर लाने की एक नई और शानदार पहल बन रहा है, जिसकी गूंज लंबे वक्त तक सुनाई देगी.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



