Amit Shah Visit Hyderabad: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचे, जहां वह एक दिवसीय दौरे के तहत विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे.
अपने इस दौरे के दौरान वह राज्य के निजामाबाद जिले में नवगठित राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड (National Turmeric Board) के मुख्यालय का उद्घाटन करेंगे, जो देशभर के हल्दी उत्पादक किसानों के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है.
BJP कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री का किया जोरदार स्वागत
गृह मंत्री के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. उनके साथ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित हैं.
यह बोर्ड देशभर में हल्दी की खेती, उत्पादन, निर्यात और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है.
इस बोर्ड की स्थापना से विशेष रूप से तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे राज्यों के किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है.
राजनीतिक समीकरणों पर गृह मंत्री की नजर
गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को तेलंगाना में आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.
भाजपा प्रदेश नेतृत्व इस दौरे को ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने के अवसर के रूप में देख रहा है.
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री स्थानीय किसानों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे और हल्दी के व्यापार, मूल्य संवर्धन और वैश्विक निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे. इस अवसर पर वह राज्य और देश के किसानों को संबोधित भी करेंगे.
कृषि और सियासी रणनीति पर फोकस
यह दौरा न केवल कृषि क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह तेलंगाना में भाजपा के विस्तार और जनसंपर्क अभियान का भी हिस्सा माना जा रहा है.
गृह मंत्री के इस दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और स्थानीय प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्थाएं संभाल रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


