Bharat Express DD Free Dish

PFI की गतिविधियों को बढ़ावा देने के मामले में एक और आरोपी पर NIA ने दाखिल की चार्जशीट, दुबई से लौटते वक्त दिल्ली एयरपोर्ट से हुई थी गिरफ्तारी

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) की देशविरोधी साजिश से जुड़े मामले में बिहार के सज्जाद आलम के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की है.

NIA

सांकेतिक तस्वीर

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) की देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में एक और आरोपी के खिलाफ पूरक चार्जशीट दाखिल की है.

चार्जशीट बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले मोहम्मद सज्जाद आलम के खिलाफ दायर की गई है, जिसे इस साल जनवरी में दुबई से दिल्ली लौटने के बाद IGI एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था. सज्जाद इस मामले में गिरफ्तार होने वाला 18वां आरोपी है.

NIA ने आज पटना स्थित विशेष NIA कोर्ट में चार्जशीट दायर की, जिसमें आरोपी पर भारतीय दंड संहिता (IPC) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम [UA(P) Act] की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं.

जांच के दौरान यह सामने आया कि सज्जाद, PFI का सक्रिय सदस्य था और दुबई से बिहार में PFI कार्यकर्ताओं तक अवैध फंड पहुंचाने के काम में शामिल था. यह फंड एक सिंडिकेट के जरिए कर्नाटक और केरल के रास्ते भेजा जा रहा था और इसका इस्तेमाल प्रतिबंधित संगठन की आपराधिक और देशविरोधी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में किया जाता था.

NIA ने बताया कि PFI की साजिश का मकसद भारत में 2047 तक इस्लामिक शासन स्थापित करना था. इसके लिए संगठन के कार्यकर्ता धार्मिक वैमनस्य फैलाकर, लोगों को डराकर और शांति व्यवस्था भंग कर देश को अस्थिर करने की योजना बना रहे थे.

यह मामला मूल रूप से 12 जुलाई 2022 को पटना के फुलवारीशरीफ थाने में दर्ज किया गया था. पहले इसमें कुल 26 आरोपियों के खिलाफ IPC के तहत केस दर्ज किया गया था. बाद में NIA ने जांच अपने हाथ में ली और UA(P) एक्ट जोड़ा. अब तक 17 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की जा चुकी थी और सज्जाद 18वां है.

ये भी पढ़ें: भारत मंडपम में नई आपराधिक कानूनों पर भव्य प्रदर्शनी, आपराधिक न्याय प्रणाली में डिजिटल बदलाव की झलक

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read