Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

IND vs ENG: लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के बाद ICC ने इंग्लैंड पर लगाया जुर्माना, WTC प्वाइंट्स टेबल में कटे अंक

लॉर्ड्स टेस्ट में भारत पर मिली जीत के बावजूद इंग्लैंड को धीमी ओवर गति के कारण नुकसान उठाना पड़ा है. ICC ने टीम पर जुर्माना लगाते हुए डब्ल्यूटीसी के दो अंक काट लिए, जिससे टीम रैंकिंग में तीसरे स्थान पर खिसक गई.

IND VS ENG- icc wtc

IND vs ENG: लॉर्ड्स टेस्ट में भारत पर मिली रोमांचक 22 रन की जीत के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने की कीमत इंग्लैंड को चुकानी पड़ी है. विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC)प्वाइंट्स टेबल से इंग्लैंड के दो अंक काट लिए गए हैं. टीम पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC)ने बताया कि इंग्लैंड पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना खिलाड़ियों और सपोर्टिंग स्टाफ के लिए आचार संहिता की धारा 2.22 के अनुसार लगाया गया है, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है. इसके मुताबिक, निर्धारित समय में गेंदबाजी न करने पर प्रत्येक ओवर के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है.

डब्ल्यूटीसी के प्लेइंग कंडीशंस के अनुच्छेद 16.11.2 के अनुसार, अगर कोई टीम निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं करती, तो प्रत्येक कम ओवर के लिए एक अंक काटा जाता है, यह कटौती समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद की जाती है.

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने अपराध स्वीकार लिया है. इसी के साथ उन्होंने रिची रिचर्डसन के लगाए गए प्रस्तावित जुर्माने को भी स्वीकारा.

आईसीसी ने बताया कि ऐसे में औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी है. यह आरोप मैदानी अंपायर पॉल रीफेल और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, थर्ड अंपायर अहसान रजा और फोर्थ अंपायर ग्राहम लॉयड ने लगाए थे.

WTC रैंकिंग में फिसलकर तीसरे स्थान पर पहुंचा

लॉर्ड्स टेस्ट में धीमी ओवर गति का दोषी पाए जाने के बाद इंग्लैंड के डब्ल्यूटीसी स्टैंडिंग्स में अंक 24 से घटकर 22 हो गए हैं. इसके चलते उनका प्वाइंट पर्सेंटेज 66.67 से घटकर 61.11 रह गया है.

इसके परिणामस्वरूप, इंग्लैंड डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल में दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गया है. श्रीलंका अब इस टीम को पछाड़कर दूसरे स्थान पर आ गया है. प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पायदान पर है. भारतीय टीम चौथे नंबर पर है.

लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की हार, जडेजा की पारी रही नाकाम

लॉर्ड्स में, पहली पारी में स्कोर बराबर होने के बाद इंग्लैंड ने भारत को 193 रनों का लक्ष्य दिया. रवींद्र जडेजा के नाबाद 61 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाने की कोशिश जरूर की, लेकिन स्कोर 170 से आगे नहीं बढ़ सका.

पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त के साथ इंग्लैंड अब 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथे टेस्ट में भारत से भिड़ेगा.

ये भी पढ़ें- बर्थडे स्पेशल : कभी हॉकी स्टिक खरीदने के नहीं थे पैसे, चार बार ओलंपिक में बढ़ाई भारत की शान

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital