Bharat Express DD Free Dish

“दबदबा था..दबदबा है….”, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव पद के चुनाव में राजीव प्रताप रूडी ने फिर मारी बाजी, पस्त हुए संजीव बालियान

Constitution Club of India: राजीव प्रताप रूडी का कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पर पिछले 25 सालों से दबदबा है. 1999 में पहली बार सचिव चुने जाने के बाद से वे लगातार इस पद पर बने हुए हैं. कई बार उन्हें निर्विरोध जीत भी मिली.

Constitution Club of India

दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव पद का चुनाव इस बार काफी रोमांचक रहा. देर रात मंगलवार को आए नतीजों में बीजेपी सांसद और वरिष्ठ नेता राजीव प्रताप रूडी ने एक बार फिर बाजी मार ली. रूडी ने अपने ही पार्टी के नेता, पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय बालियान को मात दी.

करीब 700 से ज्यादा सदस्यों ने वोटिंग में हिस्सा लिया. इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई बड़े नेताओं ने भी वोट डाले.

25 साल से कायम दबदबा

राजीव प्रताप रूडी का कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पर पिछले 25 सालों से दबदबा है. 1999 में पहली बार सचिव चुने जाने के बाद से वे लगातार इस पद पर बने हुए हैं. कई बार उन्हें निर्विरोध जीत भी मिली, लेकिन इस बार मुकाबला दिलचस्प रहा. एक ही पार्टी के दो दिग्गज आमने-सामने थे, मगर रूडी ने जीत का अपना रिकॉर्ड बरकरार रखा.

चुनावी जंग और नतीजे

सचिव पद का चुनाव 20 साल बाद हुआ. 680 वैध वोट पड़े और गिनती 26 राउंड तक चली. शुरुआती दौर में मुकाबला कांटे का था, लेकिन 13वें राउंड के बाद रूडी 28 वोटों से आगे निकल गए. 22वें राउंड तक तस्वीर साफ हो गई और आखिर में उन्होंने 100 से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने 18वें अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड को किया संबोधित, बोले-भारत रिसर्च के क्षेत्र में कर रहा अरबों डॉलर का निवेश

जीत पर क्या बोले रूडी?

एएनआई से बातचीत में राजीव प्रताप रूडी ने कहा,

“ये जीत मेरे पैनल की जीत है. शायद मैं 1000 से ज्यादा वोटों से जीता हूं. अगर ऐसा है तो इसे 1000 मतदाताओं से गुणा किया जाए, तो संख्या 1 लाख तक पहुंचती है. मेरे पैनल में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और निर्दलीय सांसद थे. ये मेरे दो दशक की मेहनत का नतीजा है.”

जश्न का माहौल

जीत के बाद उनकी पत्नी नीलम प्रताप सिंह ने कहा,

“कुछ पल बेहद रोमांचक थे, लेकिन अब हम सहज हैं. सभी के साथ मिलकर जश्न मनाया जाएगा.”

कौन हैं राजीव प्रताप रूडी?

राजीव प्रताप रूडी बिहार के सारण से बीजेपी सांसद हैं. 1996 में पहली बार छपरा (अब सारण) लोकसभा सीट से जीतकर संसद पहुंचे. वे लोकसभा और राज्यसभा, दोनों के सदस्य रह चुके हैं. पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और कई राज्यों में संगठन के प्रभारी भी रहे हैं.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read