प्रशांत किशोर की रैली
Bihar Assembly Election 2025: बिहार चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी (Jan Suraj Party) के मुखिया प्रशांत किशोर ने सियासी पारा बढ़ा दिया है. लालू यादव पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में लाखों युवा डिग्री लेकर नौकरी के लिए भटक रहे हैं, लेकिन लालू प्रसाद अपने नौवीं पास बेटे को राजा बनाना चाहते हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी नहीं बख्शा, और आरोप लगाया कि ये नेता बिहार के लोगों को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि विकास कहीं और हो रहा है. इन तमाम हमलों के बीच उन्होंने एक बड़ा चुनावी वादा भी कर दिया है.
जन सुराज पार्टी (Jan Suraj Party) के मुखिया प्रशांत किशोर ने शनिवार को पटना के पालीगंज विधानसभा क्षेत्र (Prashant Kishore In Paliganj) के दुल्हिन बाजार स्थित पानी टंकी मैदान में आयोजित बिहार बदलाव सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर जुबानी हमला बोला.
‘लालू प्रसाद यादव से सीखना चाहिए’
राजद सुप्रीमो पर सीधा निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के लोगों को लालू प्रसाद यादव से सीखना चाहिए कि बच्चों की चिंता क्या होती है. उनका बेटा नौवीं कक्षा भी पास नहीं कर पाया, फिर भी वह उसे राजा बनाना चाहते हैं. दूसरी ओर, बिहार में लाखों बच्चे मैट्रिक, बीए और एमए पास कर चुके हैं, फिर भी उन्हें नौकरी नहीं मिलती.
भाजपा सरकार को निशाने पर लिया
जन सुराज प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बिहार के लोगों का वोट के लिए इस्तेमाल करने और गुजरात में निवेश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को 56 इंच का सीना दिखाने के लिए वोट दिया था, लेकिन आज उनके अपने बच्चों का सीना 15 इंच का हो गया है. प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के वोट लिए, बिहार के लोगों ने नीतीश कुमार को वोट दिया और उन्होंने जातिगत जनगणना भी करवाई, लेकिन गुजरात में कारखाने लग रहे हैं. बिहार के युवा 10 से 12 हजार रुपए की मजदूरी करने के लिए वहां जाते हैं.
कर दिया बड़ा चुनावी वादा
इस दौरान प्रशांत किशोर (Prashant Kishore Jan Suraj Party) ने पालीगंज के लोगों से तीन बड़े वादे किए. उन्होंने कहा कि यह बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी. छठ के बाद, दुल्हिन बाजार, पालीगंज या पटना के किसी भी युवा को 10 से 12 हजार रुपए की नौकरी के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा. हम (जन सुराज पार्टी) 50 लाख युवाओं को वापस लाएंगे और यहां भी उतना ही रोजगार देंगे.
ये भी पढ़ें: अब भारत की बारी! डोनाल्ड ट्रंप को मिला टैरिफ का जवाब, 25 अगस्त से अमेरिका में नहीं मिलेगी ये खास सर्विस
उन्होंने आगे कहा कि दिसंबर 2025 से 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक पुरुष और महिला को 2 हजार रुपए मासिक पेंशन मिलेगी और जब तक सरकारी स्कूलों में सुधार नहीं होता, तब तक सरकार 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों की फीस भरेगी, अगर वे निजी स्कूलों में पढ़ते हैं, ताकि गरीब बच्चों को भी अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा मिल सके.
जनता से की अपील
प्रसांत किशोर ने कहा कि बिहार के लोगों से पारंपरिक राजनीतिक नेताओं को नकारने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार, उन लोगों को वोट न दें जो आपको लूटते हैं, चाहे वह लालू हों, नीतीश हों, या प्रधानमंत्री मोदी. नेताओं के चेहरे न देखें, अपने बच्चों के चेहरे देखें. उनकी शिक्षा और रोजगार के लिए वोट दें और बिहार में जनता का शासन स्थापित करें.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

