Ganesh chaturthi 2025 : NCR के प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव का आयोजन 27 अगस्त से 29 अगस्त 2025 तक किया जाएगा. दूधेश्वर महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर, श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता व दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य व अध्यक्षता में होने वाला श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव देश भर में अपनी पहचान बना चुका है.
श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव में देश भर से आते हैं श्रद्धालु
श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव में देश भर से श्रद्धालु आते हैं, जिनके लिए मंदिर प्रशासन खास व्यवस्थाएं करता है. इस आयोजन को प्रति वर्ष श्रीमहन्त गौरी गिरि दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मन्दिर समिति करती है. 30 अगस्त को गणपति बप्पा का विसर्जन हरिद्वार के श्री दूधेश्वर घाट छोटा मुरादनगर में धूमधाम से किया जाएगा.
Ganesh chaturthi श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव होगा काफी दिव्य और भव्य
श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मन्दिर में तीन दिवसीय श्री दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव का श्रीगणेश 27 अगस्त को अभिजीत मुहूर्त में गणेश प्रतिमा स्थापित करके किया जाएगा. महाराजश्री प्राण-प्रतिष्ठा के बाद भगवान गणेश की पूजा-अर्चना व अभिषेक करेंगे। 27 अगस्त से लेकर 29 अगस्त तक प्रतिदिन प्रातः काल 10 बजे से 12 बजे तक भगवान श्री गणेश का पंचोपचार पूजन सहित पंचामृत से अभिषेक व गणेश अथर्वशीर्ष से दिव्य भव्य महाभिषेक होगा तथा दिव्य राजोपाचार पूजन होगा। 1008 नमो से भगवान गणपति का दूर्वा से सहस्रार्चन होगा और 1100 लड्डू भोग प्रसाद अर्पित करके आरती के साथ प्रथम प्रहर का पूजन सम्पन्न होगा. प्रतिदिन सायंकाल 5 बजे से 7 बजे तक भगवान श्री गणेश का पूजन अर्चन होगा,
Ganesh Chaturthi : प्रतिदिन होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
महोत्सव में प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक प्रख्यात कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन और नृत्य नाटिका से गणेश भगवान को प्रसन्न करेंगे. कार्यक्रमों में भजनों में भगवान गणपति की महिमा का गुणगान किया जाएगा और उसके बाद भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा. 30 अगस्त को भगवान गणपति को रथ में विराजमान कर श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मन्दिर से शोभा-यात्रा निकाली जाएगी. ढोल-नगाड़े ताशे, बैंड बाजे, डीजे ,झांकियों के साथ पूरे शहर में भजन-कीर्तन करते हुए शोभा-यात्रा श्री दूधेश्वर घाट छोटा हरिद्वार मुरादनगर पहुंचेगी, जहां आरती करके गणपति बप्पा मोरया अगले वर्ष तू जल्दी आ के जयघोष के साथ विदाई दी जाएगी.
श्रीमहंत नारायण गिरि और धर्मपाल गर्ग की देखरेख में होंगे सभी कार्यक्रम
श्री दूधेश्वर लड्डू महोत्सव कार्यक्रम श्रीमहन्त नारायण गिरि के पावन सानिध्य व अध्यक्षता में होंगे. श्री दूधेश्वर मन्दिर विकास समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गर्ग व उपाध्यक्ष अनुज धर्म गर्ग का हमेशा की तरह विशेष सहयोग रहेगा. कार्यक्रम की व्यवस्था श्री दूधेश्वर शृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल व समस्त दूधेश्वर परिवार की रहेगी.
इस महोत्सव के लिए गाजियाबाद और आस पास के जनपदों के लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. महाराज श्री नारायण गिरि जी ने देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



