Bharat Express DD Free Dish

Maruti Suzuki ने यूरोप में शुरू किया e-Vitara का एक्सपोर्ट, इन 12 देशों में पहुंची मेड-इन-इंडिया इलेक्ट्रिक SUV

Maruti e-Vitara: मारुति सुज़ुकी ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV Maruti e-Vitara का यूरोप में एक्सपोर्ट शुरू कर दिया है. मेड-इन-इंडिया कार 12 देशों में पहुंची है और जल्द ही भारत में भी लॉन्च होगी. जानें फीचर्स, रेंज और कीमत की डिटेल..

Maruti e-Vitara

Maruti e-Vitara: मारुति सुज़ुकी ने आखिरकार अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार Maruti e-Vitara को अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 अगस्त को गुजरात दौरे के दौरान कंपनी के हंसलपुर प्लांट में इस इलेक्ट्रिक SUV की प्रोडक्शन लाइन का उद्घाटन किया था और इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था. अब कंपनी ने इस मॉडल का पहला एक्सपोर्ट बैच यूरोप के लिए भेजना शुरू कर दिया है.

मारुति सुज़ुकी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ, हिसाशी ताकेउचि ने कहा, ‘यूरोप में e-Vitara का एक्सपोर्ट शुरू होना हमारे लिए गर्व की बात है. यह न सिर्फ कंपनी के लिए, बल्कि भारत के लिए भी एक ऐतिहासिक पल है.’

इन 12 देशों में पहुंची मेड-इन-इंडिया e-Vitara

जानकारी के अनुसार गुजरात के पिपावाव पोर्ट से 2,900 से ज्यादा e-Vitara यूनिट्स यूरोप भेजी गई हैं. यह ब्रिटेन, जर्मनी, नॉर्वे, फ्रांस, डेनमार्क, स्विट्ज़रलैंड, नीदरलैंड्स, स्वीडन, हंगरी, आइसलैंड, ऑस्ट्रिया और बेल्जियम जैसे देशों में पहुंच रही है. कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इस कार को 100 से अधिक देशों में एक्सपोर्ट करने की योजना है. गुजरात के हंसलपुर में स्थित मारुति सुज़ुकी का प्लांट करीब 640 एकड़ में फैला है, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 7.5 लाख यूनिट्स है. यहीं से कंपनी ने e-Vitara का बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन शुरू किया है.

बता दें कि मारुति के भारत में कुल तीन बड़े प्लांट हैं, जिनमें सालाना तकरीबन 23.5 लाख कारें बनती हैं. इनमें से दो हरियाणा (गुरुग्राम और मानेसर) में और एक गुजरात में हैं. कंपनी ने घोषणा की है कि दशक के अंत तक इसे बढ़ाकर 40 लाख यूनिट्स प्रति वर्ष किया जाएगा. इस बीच, अगस्त 2025 में मारुति का कुल निर्यात 40% बढ़कर 36,538 यूनिट्स तक पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 26,003 था.

यूरोप क्यों अहम है?

मारुति ने e-Vitara के एक्सपोर्ट की शुरुआत यूरोप से की है, जहां इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार दुनिया में सबसे बड़ा मुकाबला माना जाता है. यहां सख्त नियम और बड़े ब्रांड्स की मौजूदगी मारुति के लिए चुनौती भी है और अवसर भी. ऐसे में भारत से 2,900 इलेक्ट्रिक SUV की पहली खेप सिर्फ एक संख्या नहीं, बल्कि इस बात का संकेत है कि देश अब सिर्फ लो-कॉस्ट मैन्युफैक्चरिंग हब नहीं रहा, बल्कि ग्लोबल EV मार्केट में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है.

Maruti e-Vitara

भारत में कब लॉन्च होगी Maruti e-Vitara?

कंपनी ने अभी तक घरेलू बाजार में e-Vitara की लॉन्च डेट घोषित नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि इसे इस साल के त्योहारी सीजन में उतारा जाएगा. इसे भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में पेश किया जा चुका है. कंपनी का दावा है कि सिंगल चार्ज पर यह SUV करीब 500 किलोमीटर की रेंज देगी.

भारत में लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Hyundai Creta Electric, MG ZS EV, Tata Curvv EV और Mahindra BE.6 जैसे मॉडलों से होगा. कीमत की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन ऑटो इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक इसकी शुरुआती कीमत करीब 20 लाख रुपये हो सकती है.

ये भी पढ़ें: मराठा आरक्षण को लेकर मुंबई हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी, कहा-जब कोर्ट से निकलूं तो ये गाड़ियां नहीं दिखनी चाहिए

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read