Bharat Express DD Free Dish

Imran Khan ने भारत से हार के बाद पाकिस्तानी टीम पर तंज कसा, सलामी बल्लेबाज और अंपायर को लेकर दी मजेदार सलाह

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सेना प्रमुख जनरल मुनीर और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी को सलामी बल्लेबाज बनाने और पूर्व मुख्य न्यायाधीश काजी फैज ईसा व मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा को अंपायर बनाने का सुझाव दिया.

Imran Khan, IND vs Pak, Pakistan Cricket, Asia Cup

IND vs Pak: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री Imran Khan ने ‘एशिया कप 2025’ में भारत से मिली करारी हार के बाद पाकिस्तानी टीम पर तंज कसा है. इमरान खान ने सुझाव दिया है कि भारत से क्रिकेट मैच जीतने का एकमात्र तरीका यही है कि सेना प्रमुख जनरल मुनीर और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी बतौर सलामी बल्लेबाज उतरें.

इमरान खान इस वक्त पाकिस्तान की अदियाला जेल में बंद हैं. उनकी बहन अलीमा खान ने पत्रकारों को बताया कि टीम इंडिया के खिलाफ मुकाबला जीतने के लिए इमरान खान ने जनरल मुनीर और मोहसिन नकवी को सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतारने की सलाह दी है.

इसके साथ ही इमरान खान की सलाह है कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश काजी फैज ईसा और मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा को अंपायर बनाया जाए.

क्या बोले पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के अनुसार, इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सरफराज डोगर को भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले में थर्ड अंपायर होना चाहिए.

उल्लेखनीय है कि इमरान खान का आरोप है कि उन्हें साजिश के तहत सत्ता से हटाया गया है. इसके लिए इमरान खान ने इन सभी नामों को जिम्मेदार ठहराया है. उनका आरोप है कि उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उम्मीदवारों की जीत के बावजूद उन्हें सत्ता से दूर किया गया है.

पाकिस्तानी टीम को एशिया कप 2025 में लगातार दूसरी बार भारत के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी है. यह टीम 14 सितंबर को 7 विकेट से टीम इंडिया के विरुद्ध मैच गंवा बैठी थी. इसके बाद 21 सितंबर को सुपर-4 के मुकाबले में भी पड़ोसी मुल्क को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा.

भारत-पाकिस्तान के बीच टी20 इतिहास को देखा जाए, तो अब तक दोनों देशों ने आपस में 15 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें भारत ने 11 मैच जीते, जबकि पाकिस्तान की टीम सिर्फ 3 ही मुकाबले जीत सकी है. वहीं, एक मैच टाई रहा है.

ये भी पढ़ें- Asia Cup IND vs PAK: पाकिस्तानी मीडिया भी हुई Abhishek Sharma की फैन, शानदार बल्लेबाज देखकर कहा- ‘ऐसी धुलाई कभी नहीं देखी’

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read