Asia Cup 2025 Final: भारत ने ‘एशिया कप 2025’ के खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट से जीत दर्ज की. दोनों टीमें 41 के इतिहास में पहली बार एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने हुई थीं. एशिया कप में भारत की जीत पर टीम इंडिया के हर खिलाड़ी की तारीफ हो रही है.
इसी बीच में मुंबई के ऑलराउंडर शिवम दुबे के बचपन के कोच सतीश सामंत ने भी अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ एक मैच की नहीं, बल्कि मेहनत और अनुभव की कहानी है.
‘यह जीत मेहनत और अनुभव की कहानी है’ -कोच सामंत
टीम इंडिया ने एशिया कप जितने के बाद सतीश सामंत ने कहा कि ‘पूरे देश को इस शानदार जीत की बधाई. मैच ऐसे मोड़ पर था जहां कभी जीत दिख रही थी तो कभी हार की आशंका बन रही थी. लेकिन खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के दौरान जो अनुभव हासिल किया था, उसी का फायदा उन्होंने मुश्किल घड़ी में उठाया. टीम ने ठीक उसी वक्त खेल पर पकड़ बनाई जब सबसे ज्यादा जरूरत थी.’
Mumbai, Maharashtra: On India’s Asia Cup victory, Childhood coach of Shivam Dubey, Satish Samant says, “Congratulations to everyone on this victory. It was a solid and clinical win. The match was in a situation where the balance kept shifting—at times it looked like a win, at… pic.twitter.com/YJWjXtMsVO
— IANS (@ians_india) September 29, 2025
उन्होंने कहा, ‘भारत को जीत के लिए 147 रनों का लक्ष्य मिला था. देखने में यह स्कोर आसान लग रहा था, लेकिन जिस पिच पर मुकाबला खेला गया, वहां रन बनाना उतना सरल नहीं था. पाकिस्तानी टीम जिस तरीके से बल्लेबाजी कर रही थी, उसे देखकर लग रहा था कि टीम 190 रन तक पहुंच सकती है, लेकिन कुलदीप यादव ने शानदार ओवर के साथ भारत की मैच में वापसी करा दी.’
तिलक वर्मा को मिला ‘भविष्य का विराट कोहली’ का खिताब
उन्होंने कहा, ‘मैं सूर्यकुमार यादव से उम्मीद कर रहा था, लेकिन वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके. तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले में भारत को जीत दिलाई. उन्होंने शिवम दुबे के साथ शानदार साझेदारी की. तिलक वर्मा को ‘भविष्य का विराट कोहली’ कहा जा सकता है.”
इस ऐतिहासिक मुकाबले में शिवम दुबे ने 22 गेंदों में 2 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 33 रन की पारी खेली. कोच ने कहा, ‘शिवम दुबे ने भी अपने गेम को बदला. उन्होंने रन दौड़ने पर भी फोकस किया. बल्लेबाजी में जल्दबाजी नहीं दिखाई. मुझे लगता है कि अगले 10 वर्षों के लिए भारत का मिडिल ऑर्डर सुरक्षित हाथों में है.’
रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में पाकिस्तानी टीम को 19.1 ओवरों में 146 रन पर समेटने के बाद भारत ने 19.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. इस मुकाबले में कुलदीप यादव ने 30 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि तिलक वर्मा ने 53 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाए. टीम इंडिया ने एशिया कप के इस संस्करण में पाकिस्तान के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगाई है.
ये भी पढ़ें: जब नेता फ्रंट फुट पर खेले, तो खिलाड़ी…पीएम मोदी के पोस्ट पर क्या बोल गए सूर्यकुमार यादव?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

