Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

90 हजार में शादी की डील, पर कोर्ट मैरिज ने मामला ऐसे बिगाड़ा की थाने पहुंचा दूल्हा

गोरखपुर में राजस्थान के कोटा से शादी करने आए परिवार के साथ मारपीट और 90 हजार रुपये की ठगी का आरोप लगा है. बुढ़िया माई मंदिर में शादी से पहले कोर्ट मैरिज की बात उठने पर रास्ते में हमला हुआ.

Gorakhpur Marriage Fraud Bride Refuses Wedding After Court Marriage Demand Groom Family Alleges Assault

Gorakhpur Marriage Fraud: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से शादी के नाम पर ठगी और मारपीट का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. राजस्थान के कोटा से एक परिवार अपने बेटे की बारात और शादी के अरमान लेकर गोरखपुर पहुंचा था, लेकिन मंदिर में फेरे होने से ठीक पहले पूरा खेल पलट गया. कोटा के इस परिवार का आरोप है कि शादी तय कराने के नाम पर उनसे 90 हजार रुपये लिए गए और जब उन्होंने कोर्ट मैरिज की बात रखी, तो रास्ते में घेरकर मारपीट की गई और दुल्हन को भगा ले जाया गया. हालांकि, शाम होते-होते इस कहानी में नया मोड़ आ गया जब युवती खुद थाने पहुंची और उसने दूल्हे को नापसंद बताते हुए शादी करने से साफ मना कर दिया.

कोर्ट मैरिज की बात पर बिगड़ा मामला

जानकारी के अनुसार, कोटा निवासी युवक के परिजनों को शादी का भरोसा दिलाकर गोरखपुर बुलाया गया था. युवती कुशीनगर जिले के हाटा की रहने वाली है और दोनों की शादी एम्स थाना क्षेत्र के बुढ़िया माई मंदिर में होनी तय हुई थी. पीड़ित परिवार का दावा है कि उन्होंने रिश्ते की मध्यस्थता कर रही एक महिला को 90 हजार रुपये दिए थे.

शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे मंदिर में शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं, लेकिन इसी बीच लड़के वालों ने कानूनी सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट मैरिज कराने की बात कह दी. आरोप है कि जब वे युवती को साथ लेकर कोर्ट मैरिज के लिए निकले, तो रास्ते में चार पहिया वाहन से आए कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी. इसी हंगामे और अफरा-तफरी के बीच एक बाइक सवार युवक दुल्हन को अपने साथ बैठाकर वहां से फरार हो गया.

पुलिस की जांच के घेरे में बिचौलिया महिला

अचानक हुए इस हमले और दुल्हन के गायब होने से घबराए परिजनों ने तुरंत एम्स थाना पुलिस से मदद मांगी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युवती को थाने तलब किया. देर शाम थाने पहुंची युवती ने दो टूक कह दिया कि उसे लड़का पसंद नहीं है, इसलिए वह यह शादी नहीं करेगी.

अब पुलिस ने शादी कराने वाली बिचौलिया महिला को भी पूछताछ के लिए बुलाया है. सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि युवक और युवती दोनों पक्ष थाने आ चुके हैं और शादी कराने में शामिल लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि 90 हजार रुपये के लेनदेन के आरोपों में कितनी सच्चाई है और रास्ते में मारपीट कर युवती को ले जाने वाले लोग कौन थे.

यह भी पढ़ें: 13 साल बाद प्रेमी को छोड़ ससुराल लौटी पत्नी, पति से बोली- साथ रखो वरना ऊपर पहुंचा दूंगी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism