पाकिस्तान को मिला अमेरिका का 'घातक' तोहफा
Pakistan US AMRAAM Missile Deal: पाकिस्तान और अमेरिका के बीच पिछले कुछ समय से चल रहे कूटनीतिक मेल-मिलाप का फल आखिरकार सामने आ गया है. सेना प्रमुख आसीम मुनीर का डोनाल्ड ट्रंप के साथ डिनर और शहबाज शरीफ द्वारा ट्रंप की सार्वजनिक तारीफ इन ‘चाटुकारिता’ भरे कदमों का इनाम अब AMRAAM (AIM-120 एडवांस्ड मीडियम-रेंज एयर-टू-एयर मिसाइल) के रूप में पाकिस्तान को मिलने वाला है. अमेरिका के युद्ध विभाग की आधिकारिक घोषणा के बाद यह साफ हो गया है कि पाकिस्तान को विदेशी सैन्य बिक्री (FMS) की सूची में शामिल कर लिया गया है.
यह मिसाइल सौदा पाकिस्तान के F-16 बेड़े की ताकत को अभूतपूर्व रूप से बढ़ाएगा, खासकर तब, जब बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान इन मिसाइलों के नए, अधिक रेंज और सटीकता वाले C8 और D3 वर्जन हासिल करने के लिए लंबे समय से बेचैन था. इससे पाकिस्तानी एयरफोर्स हवाई खतरों का कुछ बेहतर ढंग से जवाब देने में सक्षम होगी.
AMRAAM मिसाइल की ताकत
AMRAAM एक एयर-टू-एयर मिसाइल है जो दुश्मन के विमान को लंबी दूरी से निशाना बनाने में सक्षम है. यह मिसाइल F-16 फाल्कन फाइटर जेट्स पर लगाई जाती है. पाकिस्तान की वायुसेना ने 2019 के बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद भारत के साथ हवाई झड़पों के दौरान इसका इस्तेमाल किया था.
नए सौदे में पाकिस्तान को AIM-120C8 और D3 वर्जन के मिसाइल मिलेंगे, जो अधिक रेंज और सटीकता वाले हैं. AIM-120D-3 मिसाइलें AMRAAM फैमिली का लेटेस्ट और हाई टेक संस्करण है. इन मिसाइलों को दुश्मन के फाइटर जेट और आने वाली मिसाइलों के खिलाफ दृश्य-सीमा से हटकर (बीवीआर) हमला करने के लिए डिजाइन किया गया है.
ये भी पढ़ें: पहले फोड़ा बम, फिर मौत का तांडव! TTP के डबल अटैक से थर्राया पाकिस्तान; 2 अफसर समेत 11 जवानों की मौत
पाकिस्तान और अमेरिका के रिश्ते
पाकिस्तान और अमेरिका के रिश्ते मजबूत होते दिख रहे हैं. पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल मुनीर ने अमेरिकी राष्ट्रपति और अन्य अधिकारियों के साथ मुलाकात की है. दोनों देशों के बीच रेयर अर्थ वाली डील भी हुई है. यह सौदा बल्कि भू-राजनीतिक संबंधों में आए एक बड़े बदलाव का संकेत है. खैर पाकिस्तान ने अपनी कूटनीतिक ‘चाटुकारिता’ और शीर्ष अमेरिकी नेतृत्व से सीधे संपर्क के जरिए वह हासिल कर लिया है, जिसके लिए वह लंबे समय से प्रयास कर रहा था.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

