Dilip Jaiswal Attack On Mahagathbandhan: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने महागठबंधन पर सीट बंटवारे को लेकर तीखा हमला बोला है.
उन्होंने कहा कि महागठबंधन के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और आपसी आरोप-प्रत्यारोप से बिहार की जनता के बीच उनकी विश्वसनीयता खत्म हो रही है.
क्षमताहीन है महागठबंधन
दिलीप जायसवाल ने दावा किया कि जो गठबंधन सीटों का बंटवारा भी ठीक से नहीं कर सकता, वह बिहार पर शासन करने की क्षमता नहीं रखता.
दिलीप जायसवाल ने महागठबंधन के चरित्र और मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार की जनता सब कुछ देख रही है. महागठबंधन के घटक दल, जैसे कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) आपस में ही उलझे हुए हैं.
महागठबंधन के दल टिकट बेच रहे
उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों का हवाला देते हुए दावा किया कि महागठबंधन के कुछ दल पैसे लेकर टिकट बेचने में लिप्त हैं. यह सब बिहार की जनता के सामने है. लोग समझ चुके हैं कि महागठबंधन का लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना है, न कि जनता की भलाई. देश के प्रधानमंत्री और दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शुमार नरेंद्र मोदी 24 अक्टूबर को बिहार में चुनावी रैली को संबोधित करने आएंगे. इस दौरान वह जन नायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.
पीएम मोदी जाएंगे कर्पूरी ठाकुर के घर
दिलीप जायसवाल ने बताया कि पीएम मोदी रैली शुरू करने से पहले कर्पूरी ठाकुर के गांव जाएंगे, उनके घर पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और फिर चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी का यह कदम बिहार की जनता के लिए उनके सम्मान और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
ये भी पढ़ें- मोकामा में बाहुबलियों की टक्कर! JDU के अनंत सिंह ने सूरजभान सिंह को दी खुली चुनौती, ‘हर बार हारे हैं, अब भी हारेंगे’
एनडीए एकजुट होकर लड़ रही चुनाव
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) बिहार में एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं. एनडीए की एकता और पीएम मोदी के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों के दम पर बिहार की जनता इस बार फिर से एनडीए को प्रचंड बहुमत देगी. बिहार की जनता विकास चाहती है, सुशासन चाहती है और यह केवल एनडीए ही दे सकता है.
महागठबंधन पर निशाना साधते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि उनके पास न तो कोई ठोस नीति है और न ही जनता के लिए कोई विजन है. मैं मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे महागठबंधन के भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को देखते हुए एनडीए को समर्थन दें.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
