Urdu Conclave 2026

क्या शुरू होने वाली है एक और जंग? डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- अमेरिकी सेना कर सकती है स्ट्राइक

डोनाल्ड ट्रंप ने नाइजीरिया पर हमले से इनकार नहीं किया है. उन्होंने कहा कि हो सकता है अमेरिकी सेना स्ट्राइक करे. ऐसे में अब आशंका बढ़ गई है कि क्या दुनिया एक और जंग में घूसने जा रही है.

Donald Trump Threatens US Military Strike in Nigeria Over Alleged Targeting of Christians

क्या शुरू होने वाली है एक और जंग?

डोनाल्ड ट्रंप ने नाइजीरिया में ईसाइयों की हत्याओं को रोकने के लिए सैन्य बलों का इस्तेमाल करने से इनकार नहीं किया है. इस बीच अबुजा (नाइजीरिया) ने जहां पहले आतंक के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई का स्वागत किया वहीं अब ये भी कहा है कि वो ‘ईसाइयों के नरसंहार’ के आरोप को खारिज करता है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि अमेरिका पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजीरिया में ईसाइयों की कथित टारगेट किलिंग को रोकने के लिए वहां सेना भेज सकता है या एयर स्ट्राइक कर सकता है.

एयर फोर्स वन में पत्रकारों के यह पूछने पर कि क्या वह नाइजीरिया में अमेरिकी मिलिट्री एक्शन के बारे में सोच रहे हैं, ट्रंप ने जवाब दिया- हो सकता है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि मैं बहुत सी चीजें सोचता हूं. वे नाइजीरिया में रिकॉर्ड संख्या में ईसाइयों को मार रहे हैं… वे ईसाइयों को मार रहे हैं और हम ऐसा नहीं होने देंगे.

सोशल मीडिया के बाद कमेंट

डोनाल्ड ट्रंप का यह कमेंट शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के बाद आया है जिसमें उन्होंने नाइजीरिया के खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी दी थी अगर वह “ईसाइयों की हत्या होने देना जारी रखता है.” अबुजा में अधिकारियों ने ट्रंप की बातों को तुरंत खारिज कर दिया और कहा कि देश में हिंसा धर्म की वजह से नहीं हो रही है, बल्कि यह आतंकवाद और डकैती के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई का हिस्सा है.

ये भी पढ़ें: दावों के सरताज डोनाल्ड ट्रंप! भारत-पाकिस्तान परमाणु युद्ध पर दिया बयान; कोई सीक्रेट या ओपन ट्रुथ?

‘कोई नरसंहार नहीं हो रहा’

नाइजीरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता किमिबी इमोमोतिमी एबिएनफ ने अल जजीरा को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि हमें अपनी मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर गर्व नहीं है, लेकिन यह कहना कि सिर्फ ईसाइयों को निशाना बनाया जा रहा है. यह सच नहीं है. नाइजीरिया में ईसाइयों का कोई नरसंहार नहीं हो रहा है.

डोनाल्ड ट्रंप ने किया आगाह

शनिवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर भी नाइजीरिया को आगाह किया था. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका तुरंत नाइजीरिया को दी जाने वाली सभी मदद और सहायता रोक देगा, और हो सकता है कि अब यूएस उस ‘बदनाम देश’ में ‘बंदूकें लहराते हुए’ घुस जाए, ताकि उन इस्लामिक आतंकवादियों को पूरी तरह खत्म किया जा सके जो ये भयानक अत्याचार कर रहे हैं.

नाइजीरिया खास चिंता वाले देशों में शामिल

उन्होंने आगे रक्षा विभाग (जिसे ट्रंप ने डिपार्टमेंट ऑफ वॉर का नाम दिया है) को संभावित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अगर हम हमला करते हैं, तो यह तेज, खतरनाक और शानदार होगा, ठीक वैसे ही जैसे आतंकवादी गुंडे हमारे प्यारे ईसाइयों पर हमला करते हैं. शुक्रवार को, ट्रंप प्रशासन ने धार्मिक स्वतंत्रता पर रोक का हवाला देते हुए नाइजीरिया को ‘खास चिंता वाले देशों’ (सीपीसी) की सूची में फिर से शामिल कर लिया.

ये भी पढ़ें: बलूचिस्तान में हत्याकांड करा रही है पाकिस्तान की सेना! पाक की ‘छद्म मिलिशिया’ नीति का खुलासा

व्हाइट हाउस ने ऐसा कोई सबूत नहीं दिया है कि ईसाइयों को किसी अन्य जातीय या धार्मिक समूह की तुलना में ज्यादा निशाना बनाया जा रहा है. नाइजीरिया भी इस दावे से इनकार करता है. इस सूची में शामिल अन्य देशों में पाकिस्तान, चीन, म्यांमार, उत्तर कोरिया और रूस शामिल हैं.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read