IPL 2025: IPL रिटेंशन से पहले राजस्थान और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच संजू सैमसन और रवींद्र जडेजा की अदला-बदली की चर्चा जोरों पर थी. दोनों फ्रेंचाइजी इस डील को लेकर काफी हद तक सहमत भी हो चुकी थीं और कागजी प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी लेकिन अब इस डील पर ब्रेक लग गया है और वजह बना है एक तीसरा खिलाड़ी सैम करन.
राजस्थान की मांग बनी मुसीबत
राजस्थान ने इस डील में सैम करन को भी शामिल करने की मांग की थी लेकिन अब वही मांग उनके लिए मुसीबत बन गई है. दरअसल, राजस्थान के स्क्वॉड में विदेशी खिलाड़ियों का कोटा पहले से ही पूरा है. IPL के नियमों के मुताबिक किसी भी टीम के स्क्वॉड में अधिकतम 8 विदेशी खिलाड़ी ही हो सकते हैं. राजस्थान ने पिछले साल के मेगा ऑक्शन में यह कोटा पूरा कर लिया था, जिसमें जोफ्रा आर्चर, महीष तीक्षणा, वानिंदु हसरंगा और नांद्रे बर्गर जैसे नाम शामिल हैं.
ऐसे में अगर राजस्थान को सैम करन को लेना है तो उन्हें पहले किसी एक विदेशी खिलाड़ी को रिलीज करना होगा. माना जा रहा है कि यह खिलाड़ी तीक्षणा या हसरंगा में से कोई एक हो सकता है. वहीं टीम मैनेजमेंट इस फैसले को लेकर अभी असमंजस में है.
पैसों की भी दिक्कत
दिक्कत सिर्फ विदेशी कोटे की नहीं है बल्कि पैसों की भी है. संजू सैमसन और रवींद्र जडेजा दोनों भारतीय खिलाड़ी हैं और उनकी कीमत भी बराबर 18 करोड़ रुपये है. ऐसे में उनकी अदला-बदली में कोई दिक्कत नहीं थी लेकिन सैम करन को शामिल करने के लिए राजस्थान को अलग से पैसा देना पड़ेगा. करन को पिछले ऑक्शन में चेन्नई ने 2.40 करोड़ में खरीदा था जबकि राजस्थान के पास फिलहाल सिर्फ 30 लाख रुपये ही बचे हैं.
क्या डील रद्द हो जाएगी?
अब सवाल उठता है कि क्या ये डील रद्द हो जाएगी? फिलहाल ऐसा नहीं लग रहा. राजस्थान रॉयल्स के पास अभी भी मौका है कि वे IPL रिटेंशन डेडलाइन से पहले अपने स्क्वॉड में बदलाव करें. रिटेंशन की आखिरी तारीख 15 नवंबर है और परंपरा रही है कि सभी टीमें इसी दिन अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करती हैं.
राजस्थान रॉयल्स की चुनौती
अगर राजस्थान इस डील को पूरा करना चाहता है, तो उन्हें डेडलाइन से पहले ही अपने रिटेंशन का ऐलान करना होगा ताकि सैम करन के लिए स्क्वॉड में जगह और बजट दोनों तैयार किए जा सकें. अब देखना होगा कि राजस्थान रॉयल्स इस डील को कैसे अंजाम देता है या फिर यह ट्रेड सिर्फ चर्चा बनकर रह जाता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

