Bharat Express DD Free Dish

Guwahati Test IND vs SA: गुवाहाटी टेस्ट में बड़े बदलाव, शुभमन गिल हुए बाहर, अब ऋषभ पंत संभालेंगे टीम इंडिया की कमान

दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. गर्दन की चोट के कारण कप्तान शुभमन गिल बाहर हो गए हैं और अब ऋषभ पंत को गुवाहाटी टेस्ट में कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

Guwahati Test IND vs SA, shubman gill, rishabh pant

Guwahati Test IND vs SA: भारतीय क्रिकेट टीम गुवाहाटी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ शनिवार, 22 नवंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन इस बार टीम की प्लेइंग इलेवन में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट से जूझ रहे हैं और इस टेस्ट में खेलना उनके लिए संभव नहीं होगा. ऐसे में एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को सौंपी गई है. वहीं युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को गिल की जगह मौका मिलने की उम्मीद है.

गर्दन की चोट बनी परेशानी

कोलकाता टेस्ट के दौरान पहली पारी में बल्लेबाजी के समय गिल की गर्दन में चोट लग गई थी. चोट इतनी गंभीर थी कि वे साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी में मैदान पर फील्डिंग भी नहीं कर पाए. भारत को 124 रन का छोटा लक्ष्य मिला था, लेकिन गिल उस दौरान भी बल्लेबाजी करने नहीं उतरे. मैच खत्म होने के बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एक दिन बाद छुट्टी मिल गई.

BCCI ने बताया है कि शुभमन गिल अपनी रिकवरी जारी रखेंगे और टीम के साथ गुवाहाटी यात्रा करेंगे, जहां मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी करेगी. हालांकि खेलने को लेकर फिलहाल कोई संभावना नहीं दिखती.

टीम इंडिया पर दबाव

साउथ अफ्रीका ने पहला टेस्ट 30 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. ऐसे में गुवाहाटी टेस्ट भारत के लिए करो या मरो जैसा मुकाबला बन गया है. मैच से पहले टीम ने ईडन गार्डन्स में एक प्रैक्टिस भी करी गई, जिसमें साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, आकाशदीप, रवींद्र जडेजा और देवदत्त पडिक्कल शामिल हुए. सभी खिलाड़ी जरूरत पड़ने पर खेलने के लिए तैयार हैं.

ये भी पढ़ें- Asia Cup Rising Stars: भारत-पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह पक्की, जानें नॉकआउट में किससे टकराएगी टीम इंडिया?

गुवाहाटी टेस्ट में पहली बार बदला शेड्यूल

इस टेस्ट मैच में एक और दिलचस्प बदलाव देखने को मिलेगा. टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार लंच से पहले टी-ब्रेक रखा जाएगा. मैच रोज सुबह 9 बजे शुरू होगा और शाम 4 बजे तक खेल खत्म कर दिया जाएगा.

गुवाहाटी टेस्ट का नया टाइम-टेबल इस तरह रहेगा-

  • टॉस: सुबह 8:30 बजे
  • पहला सत्र: 9:00 AM से 11:00 AM
  • टी-ब्रेक: 11:00 AM से 11:20 AM
  • दूसरा सत्र: 11:20 AM से 1:20 PM
  • लंच ब्रेक: 1:20 PM से 2:00 PM
  • तीसरा सत्र: 2:00 PM से 4:00 PM

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read