Urdu Conclave 2026

इश्क इतना जानलेवा क्यों? नांदेड़ का सक्षम अकेला नहीं है…हर साल इतने सक्षम प्यार में गंवा देते हैं जान

Murders In Love Affairs: भारत में होने वाली हत्याओं में तीसरा सबसे बड़ा कारण प्रेम संबंध है. नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की 2022 की रिपोर्ट में बताया गया है कि विवाद और व्यक्तिगत दुश्मनी भारत में हत्या के पहले और दूसरे कारण हैं.

Murders In Love Affairs

Murders In Love Affairs: महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक युवक को दूसरी जाति की लड़की से प्यार करने का बेहद गंभीर अंजाम भुगतना पड़ा. लड़की के परिजनों ने लड़के को लाठी-डंडों से पीटकर फिर गोली मारकर हत्या कर दी. दलित समाज से आने वाले लड़के सक्षम का ओबीसी समाज की आने वाली लड़की आंचल मामीडकर से प्रेम प्रसंग चल रहा था. सक्षम की हत्या के बाद आंचल, सक्षम के शव से शादी रचाकर उसके घर चली गई.

घटना के बाद आंचल ने बताया कि उसका और सक्षम का पिछले 3 सालों से रिलेशनशिप चल रहा था. हम दोनों ने काफी सपने देखे थे. सक्षम की जाति दूसरी थी. वो जय भीम वाला था. मेरे पापा को ये रिश्ता बिल्कुल भी पसंद नहीं था. वो कहते थे कोई दूसरा लड़का लाओ उसी से शादी करा देंगे, पर इससे नहीं. पापा और मेरे भाई सक्षम को लगातार धमकी दे रहे थे. अंत में उन्होंने उसे मार डाला.

इस घटना के बाद एक बार फिर भारत में प्यार में हत्या मुद्दे पर चर्चा होने लगी है. चर्चा ये भी कि क्या इश्क इतना जानलेवा है? इस बारे में आंकड़े क्या कहते हैं आइये बताते हैं.

विवाद और व्यक्तिगत दुश्मनी के बाद प्यार बड़ा कारण

भारत में होने वाली हत्याओं में तीसरा सबसे बड़ा कारण प्रेम संबंध है. नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की 2022 की रिपोर्ट में बताया गया है कि विवाद और व्यक्तिगत दुश्मनी भारत में हत्या के पहले और दूसरे कारण हैं.

वहीं NCRB की 2020 की रिपोर्ट के मुताबिक 2020 में देश में कुल 29,193 लोगों की हत्या के मामले दर्ज हुए. इनमें 3031 मामले प्रेम प्रसंग/अवैध संबंध के थे.

2021 में 10.5 फीसदी मर्डर का कारण था प्यार

रिपोर्ट के मुताबिक 2021 में देश में हत्या के कुल 29,272 मामले दर्ज किये गए थे. जिसमें 3072 मामले प्रेम संबंध या अवैध संबंधों के थे. यानी कुल मामलों का 10.5 फीसदी.

वहीं 2022 में देश में हत्या के 28,522 मामले दर्ज हुए थे. जिसमें 2821 मामले प्रेम संबंधों के थे. यानी कुल मामलों का 10 फीसदी.

ये भी पढ़ें- भारत ने पाकिस्तानी विमान के लिए क्यों खोला एयरस्पेस? पाक मीडिया की पोल खुली

हर 10वीं हत्या का कारण प्रेम प्रसंग

बता दें कि, साल 2013 के बाद भारत में प्रेम संबंध में हत्या के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है. 2013 में जहां प्रेम प्रसंग में मर्डर का प्रतिशत 7.2 था, वहीं 2015 में यह आंकड़ा बढ़कर 9 फीसदी और 2019 तक आते-आते 11 फीसदी हो गया. हालांकि 2022 में आंकड़ों में कुछ गिरावट दर्ज की गई. फिर भी साल 2022 में हर दसवां मर्डर प्रेम प्रसंग के चलते ही हुआ था.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read