अगर आप भी सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं, तो आप के लिए बड़ी खुशखबरी है. उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूटमेंट एंड प्रमोशन बोर्ड (UPPRPB) ने अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा से जुड़ी जानकारी को जारी कर दिया है. बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर यूपी पुलिस में एसआई भर्ती की लिखित परीक्षा के मार्च 2026 में होने की पुष्टि की है.
कब होगी परीक्षा?
बोर्ड के नोटिस के अनुसार, इस परीक्षा को मार्च 2026 में 14 और 15 तारीख को आयोजित की जाएगी. साथ ही बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा एक दिन में एक से अधिक शिफ्ट में भी आयोजित की जा सकती है. वहीं, उम्मीदवार अब अपनी तैयारी और रणनीति को नए सिरे से व्यवस्थित कर सकते हैं.
बता दें कि यह परीक्षा कुल 4,543 पदों के लिए आयोजित की जाएगी. इसमें-सब इंस्पेक्टर पुरुष के 4,242 पद, सब इंस्पेक्टर महिला के 106 पद, एसआई प्लाटून कमांडर के 135 पद, तथा एसआई प्लाटून कमांडर (विशेष सुरक्षा बल) के 60 पद शामिल हैं.
परीक्षा की प्रक्रिया
यूपी पुलिस SI चयन प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा, फिर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, शारीरिक मानक परीक्षण (PST), शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और आखिर में मेरिट सूची तैयार की जाएगी.
लिखित परीक्षा ओएमआर शीट द्वारा ली जाएगी, जिसमें दो घंटे का निर्धारित समय दिया जाएगा है. प्रश्नपत्र में कुल 160 प्रश्न शामिल होंगे और इसमें नेगेटिव मार्किंग भी होगी. इसमें पास होने वाले परीक्षार्थियों को आगे डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा.
बता दें कि फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट के तहत पुरुष उम्मीदवारों की लंबाई 168 सेंटीमीटर और सीना 79 सेंटीमीटर (बिना फुलाए) व कम से कम 84 सेंटीमीटर (फुलाकर) होना अनिवार्य है.
अधिक जानकारी और परीक्षा से जुड़े ताजा अपडेट्स के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक नोटिस ऑफिशियल वेबसाइट uppbpb.gov.in पर नजर बनाए रखे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




