Arjun Rampal Engagement: अर्जुन रामपाल इन दिनों अपने करियर के सुनहरे दौर का आनंद ले रहे हैं. फिल्म धुरंधर की जबरदस्त सफलता के बाद एक बार फिर वह सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह सिर्फ उनका काम नहीं, बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ से जुड़ी एक खास खबर है. काफी समय से अपने निजी रिश्तों को लेकर चुप रहने वाले अर्जुन ने आखिरकार अपने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दे दिया है. उन्होंने खुलासा किया है कि वह अपनी लॉन्ग टाइम पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रियड्स से सगाई कर चुके हैं.
पॉडकास्ट में हुआ खुलासा
यह खुलासा हाल ही में रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट के एक टीजर के जरिए सामने आया. बातचीत के दौरान जब शादी को लेकर सवाल उठा, तो गैब्रिएला ने मुस्कुराते हुए कहा कि अभी उनकी शादी नहीं हुई है, लेकिन भविष्य कौन जानता है. इसी बीच अर्जुन ने हंसते हुए बात साफ कर दी और कहा कि उनकी सगाई हो चुकी है और यह बात उन्होंने पहली बार इसी शो में साझा की है. अर्जुन का यह बयान सामने आते ही फैंस हैरान रह गए, क्योंकि वह आमतौर पर अपनी निजी जिंदगी पर खुलकर बात नहीं करते.
2019 से साथ हैं अर्जुन और गैब्रिएला
अर्जुन और गैब्रिएला साल 2019 से एक-दूसरे के साथ हैं. दोनों के दो बेटे हैं—आरिक और आरिव—जो उनकी जिंदगी का केंद्र हैं. पॉडकास्ट में कपल ने प्यार, रिश्तों और पेरेंटिंग को लेकर काफी खुलकर बातचीत की. गैब्रिएला ने बताया कि बच्चों के आने के बाद प्यार की परिभाषा पूरी तरह बदल जाती है. उनका कहना था कि पार्टनर के रिश्ते में शर्तें हो सकती हैं, लेकिन बच्चे के साथ ऐसा नहीं होता, वहां प्यार बिना किसी शर्त के होता है.
ये भी पढ़ें- जिस पिता ने ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ को गाने नहीं दिया, उनकी बेटी बनी धुरंधर की सुपरस्टार!
करियर की सफलता के बीच आया सरप्राइज
बातचीत के दौरान हल्के-फुल्के मजाक का माहौल भी देखने को मिला. गैब्रिएला ने हंसते हुए कहा कि उन्होंने शुरुआत में अर्जुन से इसलिए दूरी बनाई क्योंकि वह बहुत ज्यादा हॉट थे. इस पर अर्जुन ने भी पूरी ईमानदारी से जवाब दिया और कहा कि शुरुआत में आकर्षण जरूर था, लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि गैब्रिएला में खूबसूरती से कहीं ज्यादा गहराई है.
हालांकि अर्जुन और गैब्रिएला ने सालों तक अपने रिश्ते को लाइमलाइट से दूर रखा, लेकिन सगाई का यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब अर्जुन का करियर एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है. धुरंधर में मेजर इकबाल के किरदार ने उन्हें खूब तारीफ दिलाई है.
मां को याद कर भावुक हुए अर्जुन
इसी बातचीत में अर्जुन ने अपनी मां ग्वेन को खोने के दर्द को भी याद किया. उन्होंने कहा कि माता-पिता को खोना ऐसा होता है जैसे शरीर का कोई हिस्सा हमेशा के लिए खो जाए, और इसके लिए कोई भी इंसान पहले से तैयार नहीं होता.
गौरतलब है कि अर्जुन रामपाल की पहले शादी सुपरमॉडल मेहर जेसिया से हुई थी. दोनों ने 1998 में शादी की थी और करीब 20 साल साथ रहने के बाद 2018 में अलग होने का फैसला लिया. अलग होने के बावजूद अर्जुन और मेहर ने अपनी बेटियों माहिका और मायरा के लिए एक मजबूत और सम्मानजनक को-पेरेंटिंग रिश्ता बनाए रखा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

