हरियाणा के यमुनानगर में एक रूह कंपा देने वाली हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने एक युवती की निर्मम हत्या के आरोप में उसके लिव-इन पार्टनर बिलाल को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिससे पता चलता है कि उसने अपनी शादी से एक सप्ताह पहले ही इस वारदात को अंजाम दिया.
मृतक युवती की पहचान 30 वर्षीय उमा के रूप में हुई है, जो सहारनपुर की गंगोत्री कॉलोनी में रहती थी. टैक्सी ड्राइवर बिलाल (नकुड़, सहारनपुर) और उमा पिछले दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थे.
14 दिसंबर थी निकाह की तारीख
पुलिस के अनुसार, बिलाल की शादी कहीं और तय हो गई थी और उसका निकाह 14 दिसंबर को होना था. इस बीच, उमा लगातार बिलाल पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे बिलाल बहुत परेशान हो गया था. अपनी शादी से पहले उमा से छुटकारा पाने के लिए, उसने उसकी हत्या की भयानक साजिश रची.
गला घोंटा, फिर सिर काटकर शव फेंका
बिलाल ने कबूल किया कि उसने पिछले रविवार, 6 दिसंबर को उमा को घुमाने के बहाने अपनी कार में साथ लिया. रास्ते में, उसने कार की सीट बेल्ट से उमा का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस को गुमराह करने और लाश की शिनाख्त (पहचान) न हो पाए, इसके लिए बिलाल ने क्रूरता की हद पार कर दी. उसने शव का सिर काट दिया और कपड़े भी उतार दिए. शव को उसने पांवटा हाईवे के पास बहादुरपुर की पॉपुलर पेड़ की नर्सरी में फेंक दिया और कटे हुए सिर को उसने पॉलीथिन में डालकर कलेसर जंगल में फेंक दिया ताकि जानवर उसे खा लें.
CCTV और मोबाइल ट्रेसिंग से हुई गिरफ्तारी
यमुनानगर के प्रतापनगर क्षेत्र में 7 दिसंबर को एक सिर कटा, नग्न महिला का शव मिला था. शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, जिसके बाद शुक्रवार को सेवा समिति के माध्यम से उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया.
एसपी कमलदीप के मुताबिक, पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल के पास एक सहारनपुर (यूपी) नंबर की कार को सीसीटीवी में देखा. सीसीटीवी और मोबाइल नंबरों की ट्रेसिंग के आधार पर पुलिस आखिरकार शनिवार को आरोपी बिलाल तक पहुंची और उसे नकुड़ के टिडोली गांव से गिरफ्तार कर लिया.
रविवार दोपहर को, पुलिस बिलाल को मौके पर लेकर गई और उसकी निशानदेही पर लालढांग क्षेत्र से पॉलीथिन में फेंका गया उमा का सिर भी बरामद कर लिया गया. बिलाल को उसकी बारात जाने से ठीक एक दिन पहले पुलिस ने दबोच लिया.
ये भी पढ़ें: हाईवे पर हादसे, उड़ानों पर Indigo का अलर्ट; Delhi NCR में कोहरे का डबल अटैक
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




