Delhi NCR Fog: दिल्ली-NCR में सोमवार, 15 दिसंबर की सुबह घने कोहरे और प्रदूषण की चादर में लिपटी रही. कम दृश्यता का सीधा असर सड़कों और आसमान दोनों पर देखने को मिला. जहां एक ओर NCR के हाईवे पर कई वाहन आपस में टकरा गए, वहीं खराब मौसम को देखते हुए देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर दी. सुबह से ही हालात ऐसे बने रहे कि लोगों को दफ्तर, सफर और उड़ानों तीनों में परेशानी झेलनी पड़ी.
हापुड़ में सड़क हादसा (Delhi NCR Road Accident)
घने कोहरे का सबसे गंभीर असर सड़क यातायात पर दिखा. उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर निजामपुर बाईपास के पास कोहरे की वजह से भीषण सड़क हादसा हो गया. मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रहे पांच कारों और एक बाइक समेत आधा दर्जन वाहन आपस में भिड़ गए. हादसे में चार लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के वक्त कोहरा इतना घना था कि कुछ मीटर आगे तक देख पाना मुश्किल हो रहा था. आगे चल रहे वाहनों की रफ्तार अचानक कम होते ही पीछे से आ रहे वाहन संभल नहीं पाए और एक के बाद एक टकराते चले गए. पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटाकर ट्रैफिक धीरे-धीरे सामान्य कराया गया. पुलिस ने साफ किया कि हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा और कम दृश्यता ही है.
हवाई सफर पर पड़ा असर (Delhi NCR Indigo Travel Advisory)
मौसम की यही मार हवाई सेवाओं पर भी पड़ी. दिल्ली और आसपास के इलाकों में कम विजिबिलिटी को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की. एयरलाइन ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के चलते उड़ानों में देरी, समय में बदलाव या पुनर्निर्धारण संभव है. इंडिगो ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उनकी टीमें लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है.
ये भी पढ़ें: नितिन नबीन बने अध्यक्ष तो टूटेगा BJP के 45 साल का रिकॉर्ड, 14 अध्यक्षों में क्यों होंगे सबसे खास?
इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जरूर चेक करें. एयरलाइन ने यह भी भरोसा दिलाया है कि ग्राउंड स्टाफ और कस्टमर सपोर्ट टीमें यात्रियों की मदद के लिए पूरी तरह तैयार हैं. साथ ही, मौसम साफ होने की उम्मीद जताते हुए यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने का अनुरोध किया गया है.
लापरवाही जानलेवा हो सकती है (Delhi Weather Update)
NCR में कोहरे ने एक बार फिर चेतावनी दे दी है कि सर्दियों के इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. चाहे सड़क हो या आसमान कम दृश्यता के हालात में अतिरिक्त सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है. प्रशासन और एयरलाइंस की अपील के बीच आम लोगों के लिए भी जरूरी है कि वे सफर के दौरान सावधानी बरतें, ताकि कोहरे का यह कहर किसी और हादसे में न बदले.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




