Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली के जाफराबाद में दो भाइयों की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Delhi Crime News: दिल्ली के जाफराबाद इलाके में देर रात बदमाशों ने दो सगे भाइयों नदीम और फजील की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं.

Delhi Crime News: दिल्ली के जाफराबाद थाना क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार (15-16 दिसंबर) की रात दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. मृतकों की पहचान नदीम (33) और फजील (31) के रूप में हुई है.

चौहान बांगर इलाके में फैली सनसनी

यह घटना जाफराबाद के चौहान बांगर इलाके में हुई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है.

फुफेरे भाइयों पर हत्या का शक

मृतकों के बड़े भाई ने आरोप लगाया है कि उनकी बुआ के बेटों ने ही इस हत्या की साजिश रची है. आपसी रंजिश के चलते नदीम और फजील को निशाना बनाया गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं. साथ ही इलाके के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक, देर रात करीब 1.40 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी. टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि फजील की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. उसका भाई नदीम गंभीर रूप से घायल था, जिसे जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

ये भी पढ़ें-यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 7 बसें और 3 कारें टकराईं, 4 की मौत, 25 घायल

पुलिस ने दर्ज किया मामला

जाफराबाद पुलिस स्टेशन में धारा 103(1)/3(5) बीएनएस और शस्त्र अधिनियम की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें तैनात की गई हैं. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read