बिहार में छह लेन पुल के नामकरण को लेकर छिड़ी सियासी बयानबाजी के बीच शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जदयू अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच आत्मीय तालमेल देखने को मिला. एक दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार ने स्वागत किया, जहां दोनों नेताओं ने गले मिलकर और हाथ पकड़कर गर्मजोशी से अभिवादन किया. इसके बाद वैशाली के जाफरपट्टी में आयोजित जनसभा के मंच पर पीएम मोदी ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को गले लगाकर और पीठ थपथपाकर अपनापन दिखाया.
नामकरण की चर्चाओं के बीच सियासी संदेश
बीते दिनों कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी चल रही थी. शनिवार को पीएम मोदी ने कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच बने इस नए छह लेन पुल का उद्घाटन किया, जिसका नाम बिहार सरकार ने ‘नीतीश सेतु’ रखा है.
ऐसे माहौल में पटना एयरपोर्ट पर पीएम मोदी और नीतीश कुमार की मुस्कुराती हुई मुलाकात को भाजपा और जदयू के रिश्तों को लेकर चल रही अटकलों के बीच एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
मंच पर निशांत कुमार के प्रति दिखा सहज अपनापन
जाफरपट्टी की जनसभा में भी पीएम मोदी का जदयू नेताओं के प्रति सहज व्यवहार चर्चा में रहा. मंच पर पहुंचते ही उन्होंने नीतीश कुमार के पुत्र और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को गले लगाया और उनकी पीठ थपथपाई, जिस पर मंच पर मौजूद अन्य नेता भी मुस्कुराते दिखे.
भाषण के बाद जब निशांत पैर छूकर आशीर्वाद लेने के लिए झुके, तो पीएम मोदी ने पहले ही उन्हें गले लगा लिया और बाद में आशीर्वाद लेने पर उनके गाल पर हाथ रखकर स्नेह जताया. दोनों के बीच की यह आत्मीय तस्वीरें सोशल मीडिया और सियासी हलकों में खूब चर्चा बटोर रही हैं.
यह भी पढ़ें: ‘नेताओं की चमड़ी मोटी होती है’: अमिताभ सिन्हा की किताब में दिखी पीएम मोदी की कार्यशैली और मानवीय छवि
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




