उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को भविष्य के रोजगार का सीधा मंत्र दिया. शनिवार को कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में रोजगार जाने की चाहे जितनी चर्चा हो, लेकिन जिसके पास असली हुनर है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता. उन्होंने साफ कहा कि आने वाले समय में कोट-पैंट और टाई पहनकर सिर्फ कागजी सर्टिफिकेट दिखाने वालों से कहीं ज्यादा मांग और सम्मान उन युवाओं का होगा, जिनके हाथों में कौशल है.
गुजरात के अनुभव से लेकर मैकाले की शिक्षा नीति तक का जिक्र
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी द्वारा इस भव्य कार्यक्रम के लिए लखनऊ को चुनने पर खुशी जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनके लिए आईआईटी (IIT) और आईटीआई (ITI) दोनों के छात्र देश की असली अमानत और भविष्य हैं. उन्होंने अपने गुजरात के मुख्यमंत्री काल का अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे सुबह उठने से रात को सोने तक समाज को करीब एक हजार अलग-अलग कौशलों की जरूरत पड़ती है, जिसके बाद वहां आधुनिक स्किल इकोसिस्टम तैयार किया गया.
प्रधानमंत्री ने इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि आक्रांताओं ने भारत की समृद्धि को रोकने के लिए कारीगरों के अंगूठे तक काटे, जबकि अंग्रेजों ने मैकाले की शिक्षा प्रणाली थोपकर हुनर के बजाय क्लर्क तैयार किए. इसी सोच की वजह से माता-पिता अपने बच्चों के आईटीआई में पढ़ने की बात बताने में हिचकते थे, जिसे अब ‘श्रमेव जयते’ की भावना और अलग कौशल मंत्रालय बनाकर बदला जा रहा है.
PSU बॉन्ड और सोने की कीमतों का भी दिया उदाहरण
अपने भाषण में पीएम मोदी ने संसद में दिए पुराने बयानों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 2023 में जब उन्होंने सरकारी उपक्रमों (PSUs) में निवेश की बात कही थी, तब उनका मजाक उड़ाया गया, लेकिन आज निवेशकों को उसका बड़ा लाभ मिला है. इसी तरह एक साल पहले उनकी अपील पर देशवासियों ने सोना कम खरीदा, जिससे सोने के दाम गिरे. प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि कौशल को सम्मान देकर ही भारत दुनिया की ‘स्किल कैपिटल’ और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा.
यह भी पढ़ें: ITI डॉलीगंज के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा, बताया कैसे साकार होगा कौशल विकास
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





