IT Raid at Shilpa Shetty House: बॉलीवुड गलियारों में गुरुवार का दिन काफी हलचल भरा रहा. सुबह से ही खबरें तैरने लगीं कि बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके बिजनेसमैन पति राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी पचड़ों में फंस गए हैं. दावा किया गया कि मुंबई के जुहू स्थित उनके आलीशान घर और बांद्रा के मशहूर रेस्टोरेंट ‘बेस्टियन’ (Bastian) पर इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी की है. लेकिन अब इस पूरे मामले में एक नया मोड़ आ गया है.
शिल्पा शेट्टी की लीगल टीम ने मैदान में उतरकर इन सभी दावों की हवा निकाल दी है. एक्ट्रेस के वकील ने साफ कर दिया है कि जिसे दुनिया ‘रेड’ समझ रही है, वह असल में कुछ और ही था.
“छापा नहीं, यह तो रूटीन चेकिंग थी”
शिल्पा और राज कुंद्रा के वकील प्रशांत पाटिल ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि इनकम टैक्स के अधिकारी उनके घर जरूर आए थे, लेकिन वह कोई छापा या ‘रेड’ नहीं थी. पाटिल के मुताबिक, यह विभाग की एक ‘रूटीन वैरिफिकेशन’ प्रक्रिया थी, जो शिल्पा शेट्टी से जुड़ी नियमित जांच का हिस्सा है.
उन्होंने अपने बयान में कहा, “अपनी क्लाइंट शिल्पा शेट्टी कुंद्रा की ओर से मैं यह कन्फर्म करना चाहता हूं कि उनके घर पर कोई इनकम टैक्स रेड नहीं पड़ी है. अधिकारी सिर्फ कुछ नियमित जानकारियों के वेरिफिकेशन के लिए आए थे, जो एक नॉर्मल प्रोसेस है.”
गलत खबर फैलाने वालों को दी चेतावनी
मामला सिर्फ स्पष्टीकरण तक ही सीमित नहीं रहा. शिल्पा शेट्टी की टीम अब उन लोगों पर भड़क गई है जिन्होंने इस घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया. प्रशांत पाटिल ने चेतावनी दी है कि जिन लोगों ने इस रूटीन जांच को ‘आर्थिक अपराध शाखा’ (EOW) के पुराने मामलों से जोड़कर सोशल मीडिया या पब्लिक डोमेन में गलत अफवाहें फैलाई हैं, उन्हें कोर्ट के चक्कर काटने पड़ सकते हैं. एक्ट्रेस ने साफ संदेश दिया है कि इस तरह की ‘शरारती’ हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वे इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में हैं.
कैसे शुरू हुई अफवाहों की ये जंग?
दरअसल, गुरुवार को कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि शिल्पा शेट्टी के बिजनेस साम्राज्य पर इनकम टैक्स विभाग की टेढ़ी नजर है. चर्चा थी कि मुंबई के अलावा पुणे और बेंगलुरु में भी उनके ठिकानों की तलाशी ली जा रही है. राज कुंद्रा का नाम पहले भी कई विवादों में रहा है, इसलिए लोग इस खबर को सच मान बैठे. लेकिन अब कानूनी टीम के इस कड़े रुख के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है.
कुल मिलाकर, शिल्पा शेट्टी ने इस मामले में चुप्पी तोड़ते हुए यह संदेश दे दिया है कि उनके काम-काज पूरी तरह पारदर्शी हैं और वह जांच में सहयोग कर रही हैं, लेकिन गलत छवि पेश करने वालों को वह बख्शेंगी नहीं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


