India vs South Africa T20 Series: 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रनों से हराया. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 232 रनों का विशाल लक्ष्य दिया. जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 8 विकेट पर 201 रन ही बना सकी और मैच हार गई. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली.
लगातार जीत का सिलसिला
यह भारत की लगातार आठवीं T20I सीरीज जीत रही. दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज ड्रॉ होने के बाद से भारत ने लगातार 14 टी20I सीरीज या टूर्नामेंट में हार नहीं देखी है. इस शानदार सिलसिले में 2023 एशियन गेम्स, 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 एशिया कप जैसी बड़ी प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं. भारत को आखिरी बार अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 3-2 से हार मिली थी.
साउथ अफ्रीका की कमजोर स्थिति
साउथ अफ्रीका की T20 क्रिकेट में हालत उतनी मजबूत नहीं रही है. जनवरी 2023 से अब तक उन्होंने 13 द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली हैं, जिनमें से सिर्फ एक ही सीरीज जीत पाए हैं. यह जीत दिसंबर 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू मैदान पर आई थी. भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने आखिरी बार अक्टूबर 2015 में टी20 सीरीज जीती थी. यानी पिछले 10 साल से ज्यादा समय से वह भारत को सीरीज में नहीं हरा पाए हैं.
भारत बनाम साउथ अफ्रीका रिकॉर्ड
अब तक दोनों टीमों के बीच 11 द्विपक्षीय T20 सीरीज खेली जा चुकी हैं. इनमें भारत ने 6 सीरीज जीती हैं, साउथ अफ्रीका को सिर्फ 2 बार जीत मिली है और 3 सीरीज ड्रॉ रही हैं. पिछली सात सीरीज में भारत ने चार बार जीत दर्ज की है और तीन बार सीरीज ड्रॉ रही.
ये भी पढ़ें-Aaj Ka Panchang: मार्गशीर्ष अमावस्या पर कब है राहुकाल और कब मिलेगा शुभ समय?
भारत की सबसे ज्यादा जीत
T20I में भारत ने सबसे ज्यादा जीत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 जीत दर्ज की है. इसके बाद श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 21-21 जीत और वेस्टइंडीज के खिलाफ 19 जीत मिली हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
