Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘2014 के बाद बदली पूर्वोत्तर की तस्वीर’: गृह मंत्री अमित शाह ने मोदी सरकार को दिया श्रेय

बांदेरदेवा में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2014 से 2026 के बीच पूर्वोत्तर में 1,49,646 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास का नया दौर शुरू हुआ है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर के पास बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित कार्यक्रम से पूर्वोत्तर के विकास और सुरक्षा का बड़ा रोडमैप रखा. उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद पूर्वोत्तर भारत विकास के नए दौर में दाखिल हुआ है. आंकड़ों की तुलना रखते हुए शाह ने बताया कि 2004 से 2014 के बीच पूर्वोत्तर के लिए 33,530 करोड़ रुपये आवंटित हुए थे, जबकि 2014 से 2026 के बीच 1,49,646 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गईं. इसी मंच से उन्होंने अरुणाचल प्रदेश पुलिस को अनुशासन और सेवा के लिए ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर’ सम्मान भी प्रदान किया.

सेला टनल, फ्रंटियर हाईवे और दिबांग प्रोजेक्ट से रफ्तार

अरुणाचल प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विस्तार का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने 12 किलोमीटर लंबी सेला टनल, बोगीबील ब्रिज, नेचिफू टनल और डोनी पोलो एयरपोर्ट जैसी बड़ी परियोजनाओं का नाम लिया. उन्होंने बताया कि करीब 44,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले 1,500 किलोमीटर लंबे अरुणाचल फ्रंटियर हाईवे और 32,000 करोड़ रुपये की दिबांग जलविद्युत परियोजना पर काम आगे बढ़ रहा है, साथ ही 6,600 करोड़ रुपये के आठ राष्ट्रीय राजमार्ग पैकेज भी शुरू किए गए हैं. रेल और हवाई संपर्क बढ़ने से पूर्वोत्तर की राजधानी से दूरी सिमटी है.

1,863 किमी सीमा की सुरक्षा और नशे पर लगाम

चीन, म्यांमार और भूटान से सटी अरुणाचल की 1,863 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा के सामरिक महत्व पर जोर देते हुए शाह ने पुलिस को उग्रवाद, संगठित अपराध, साइबर क्राइम और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चौकसी बढ़ाने को कहा. उन्होंने यह भी बताया कि नए आपराधिक कानूनों ने औपनिवेशिक दौर के कानूनों की जगह ली है और तकनीक से न्याय व्यवस्था मजबूत हो रही है.

जनकल्याण योजनाओं का ब्योरा देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 23,000 किसानों को पीएम-किसान का लाभ मिल रहा है, 2.30 लाख घरों में नल से जल पहुंचा है और 1.90 लाख आयुष्मान कार्ड से पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज संभव हुआ है.

यह भी पढ़ें: पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार से मिले पीएम मोदी, जाफरपट्टी मंच पर निशांत कुमार को दिया आशीर्वाद

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism