अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ भारत और अमेरिका की एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) की संयुक्त कार्रवाई ‘ऑपरेशन मानसून थंडर’ की सराहना करते हुए दोनों एजेंसियों को बधाई दी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शाह ने कहा कि भारत और अमेरिका में हुई गिरफ्तारियां व बरामदगी दोनों देशों के मजबूत सहयोग को दर्शाती हैं. उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार नशे के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति पर कायम है और देश में न तो ड्रग्स आने दिया जाएगा और न ही यहां से बाहर जाने दिया जाएगा.
चार शहरों में छापेमारी, छह गिरफ्तार
एनसीबी ने शुक्रवार को जानकारी दी थी कि अमेरिकी एजेंसी डीईए के साथ मिलकर एक ऐसे भारतीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है, जो अमेरिकी ग्राहकों को साइकोट्रोपिक पदार्थ, ओपिओइड और बिना प्रिस्क्रिप्शन वाली नशीली दवाएं सप्लाई कर रहा था.
4 से 13 नवंबर के बीच हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ में तलाशी अभियान चलाकर छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया. जांच में पता चला है कि जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच इस गिरोह ने करीब पांच लाख गोलियों वाले लगभग 3,000 पार्सल भेजे, जबकि अमेरिका भेजी जा रही 1,500 से अधिक गोलियों की सक्रिय खेप भी पकड़ी गई.
टेलीग्राम-व्हाट्सऐप से ऑर्डर, क्रिप्टो और हवाला से पेमेंट
एनसीबी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अमेरिकी एजेंसी डीईए ने दो खेपों को रोककर जब्त किया, वहीं भारतीय अधिकारियों ने आगे की जांच के लिए 59,000 से अधिक ग्राहकों का डेटाबेस भी साझा किया है.
तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी ऑर्डर लेने के लिए टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सऐप का इस्तेमाल करते थे, जबकि भुगतान वेनमो, यूपीआई, बैंक खातों और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए होता था. अब एजेंसियां संदिग्ध हवाला लिंक, पैसों के लेनदेन और अंतरराष्ट्रीय सप्लायरों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं.
यह भी पढ़ें: ‘2014 के बाद बदली पूर्वोत्तर की तस्वीर’: गृह मंत्री अमित शाह ने मोदी सरकार को दिया श्रेय
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



