Bharat Express DD Free Dish

खास खेती से नहीं घटेगा उत्पादन, बढ़ेगा मुनाफा; अमित शाह ने किसानों को बताया मॉडल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रीवा में प्राकृतिक खेती प्रकल्प के शुभारंभ के दौरान कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने से किसानों की आय डेढ़ गुना तक बढ़ सकती है.

Amit Shah In Rewa Said Natural Farming Can Increase Farmers Income

बुधवार को केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रीवा में बसामन मामा गौ वन्य विहार अभयारण्य में प्राकृतिक खेती के प्रकल्प का शुभारंभ कर कृषक सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने रासायनिक खादों के उपयोग से होने वाली बीमारियों पर चिंता जताते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने से किसान की आय डेढ़ गुना तक बढ़ जाएगी.

केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश का रीवा क्षेत्र धीरे-धीरे विकसित क्षेत्र बन रहा है. एशिया का सबसे बड़ा सोलर प्लांट रीवा में है. रीवा से जबलपुर तक सड़कों के जाल सहित इंदौर और दिल्ली के लिए वायु सेवा का भी विस्तार हुआ है. अब रीवा एयरपोर्ट से इंदौर और दिल्ली के लिए 24 घंटे हवाई सेवा उपलब्ध है.

किसानों को बताया लाभ का मॉडल

उन्होंने आगे कहा कि रीवा में बसावन मामा गौवंश वन्य विहार के रूप में अनुकरणीय प्रकल्प तैयार किया गया है. यहां गोबर से बने खाद से प्राकृतिक खेती की जा रही है. एक एकड़ में सवा लाख रुपए की आय देने का यह प्रयोग छोटे किसानों को बड़ा लाभ प्रदान करेगा. किसान इस मॉडल को अपनाएंगे तो उनकी आय बढ़ेगी. राज्य सरकार प्रगतिशील किसानों को इस परंपरागत मॉडल से अवगत कराने के लिए उनका भ्रमण कराए.

किसानों को किया प्रोत्साहित

अमित शाह ने कहा कि एक देशी गाय से 21 एकड़ रकबे में प्राकृतिक खेती होती है. किसान ही अन्नदाता है. अन्नदाता को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करने के साथ ही प्रोत्साहित करने के समग्र प्रयास हम सबको समन्वित तरीके से करना है. उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अनाज के उत्पादन में रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग के कारण कई तरह की बीमारियां बढ़ रही हैं. इससे बचाव के लिए जरूरी है कि हम सभी प्राकृतिक के संवर्धन में अपना योगदान दें.

मैं खुद खेती करता हूं- अमित शाह

केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि प्राकृतिक खेती को अपनाने से उत्पादन कम नहीं होता है. मैंने स्वयं अपने खेतों में प्राकृतिक खेती को अपनाया है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय के अंतर्गत वृहद स्तर पर प्राकृतिक खेती की उपज के प्रमाणीकरण का कार्य किया जा रहा है.

केंद्र सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्राकृतिक खेती के माध्यम से उत्पादित उपज के सर्टिफिकेशन, पैकेजिंग और मार्केटिंग की व्यवस्था की है. आगामी समय में देश में 400 से अधिक प्रयोगशालाएं किसान को प्राकृतिक खेती से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रदान करेंगी. इन सभी प्रयासों से प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों की आय डेढ़ गुना तक बढ़ जाएगी.

ये भी पढ़ें: ‘वीर बाल दिवस’ के कार्यक्रम में भाग लेंगें पीएम मोदी, देश को देंगे संबोधन

दुनियाभर में प्राकृतिक खेती का बड़ा बाजार

अमित शाह ने कहा कि दुनियाभर में प्राकृतिक खेती का बड़ा बाजार है. ऑर्गेनिक अनाज खाने से स्वास्थ्य अच्छा रहता है. भूमि परीक्षण से सर्टिफिकेशन, उपज का परीक्षण, बेहतर पैकेजिंग और मार्केटिंग किसानों को उपज का बेहतर मूल्य दिलाएंगी. हम किसानों की आय को बढ़ाने के लिए समुचित प्रयास प्राथमिकता से कर रहे हैं. निदर्शन फॉर्म आने वाले समय में प्राकृतिक खेती के लिए किसानों का मार्गदर्शन करेंगे.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read