Bharat Express DD Free Dish

अमृतसर में लोहड़ी की खुशियां मातम में बदलीं, अलाव की एक चिंगारी ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार

अमृतसर की गली चूड़ सिंह में मंगलवार रात लोहड़ी की खुशियां उस समय गम में बदल गईं, जब एक मकान में लगी आग ने 85 वर्षीय बुजुर्ग और 30 वर्षीय दिव्यांग युवती को लील लिया. अलाव की एक चिंगारी और घर में रखे ज्वलनशील सामान ने इस हादसे को और विकराल बना दिया.

Amritsar, Punjab News, Amritsar Lohri Fire Tragedy

Amritsar Lohri Fire Tragedy: अमृतसर से एक ऐसी खबर आई है जिसने हर किसी का दिल दहला दिया है. जहां पूरा शहर लोहड़ी के जश्न में डूबा था, लोग ढोल की थाप पर नाच रहे थे और मूंगफली-रेवड़ियों का मजा ले रहे थे, वहीं मना सिंह चौक के पास स्थित गली चूड़ सिंह में एक खौफनाक मंजर देखने को मिला. मंगलवार की देर रात एक घर में लगी भीषण आग ने दो जिंदगियां लील लीं. इस हादसे में 85 साल के बुजुर्ग खजान सिंह और 30 साल की दिव्यांग युवती नवदीप कौर की जिंदा जलने से मौत हो गई.

ऐसे हुआ मौत का तांडव?

हादसे की जो शुरुआती वजह सामने आ रही है, वो वाकई हैरान करने वाली है. बताया जा रहा है कि लोहड़ी के मौके पर घर के बाहर या पास में ही अलाव जलाया गया था. त्योहार की मस्ती के बीच शायद किसी का ध्यान नहीं गया, लेकिन उस अलाव से निकली एक छोटी सी चिंगारी उड़कर मकान के अंदर रखे कपड़ों के ढेर पर जा गिरी. घर में काफी सारा ज्वलनशील सामान भी रखा था, जिसने बारूद का काम किया. देखते ही देखते चंद पलों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया.

अपनों को बचाने की जद्दोजहद

जिस वक्त आग लगी, घर के अंदर कुल पांच लोग मौजूद थे. आग की लपटें देख जब चीख-पुकार मची, तो आसपास के लोग अपनी जान जोखिम में डालकर मदद के लिए दौड़े. मोहल्ले वालों ने हिम्मत दिखाते हुए तीन लोगों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिनमें से एक की हालत काफी गंभीर है और वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है.

लेकिन असली त्रासदी बुजुर्ग खजान सिंह और दिव्यांग नवदीप कौर के साथ हुई. खजान सिंह उम्र के उस पड़ाव पर थे कि वे खुद उठकर भागने की हालत में नहीं थे, वहीं नवदीप कौर अपनी शारीरिक अक्षमता की वजह से आग की लपटों का मुकाबला नहीं कर सकीं. चीखते-चिल्लाते मोहल्ले वालों और परिजनों की आंखों के सामने ये दोनों आग के घेरे में फंस गए और उन्हें बचाया नहीं जा सका.

ये भी पढ़ें- अमृतसर स्कूल को बम धमकी, पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटे

तंग गलियां बनी बाधा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन अमृतसर के पुराने इलाकों की तंग गलियां बचाव कार्य में सबसे बड़ी बाधा बनीं. गली इतनी संकरी थी कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घर तक पहुंच ही नहीं पाईं. दमकल की गाड़ियों को करीब 100 मीटर दूर मुख्य सड़क पर खड़ा करना पड़ा. वहां से पाइप बिछाकर पानी की बौछारें मारी गईं, लेकिन जब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, तब तक सब कुछ राख हो चुका था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest