Bharat Express DD Free Dish

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सेना दिवस पर जवानों को दीं शुभकामनाएं

देशभर में आज (गुरुवार) सेना दिवस पूरे सम्मान और गर्व के साथ मनाया गया. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और गृह मंत्री अमित शाह ने सेना के साहस, अनुशासन और बलिदान को सलाम किया.

Amit Shah

देशभर में गुरुवार को सेना दिवस पूरे सम्मान और गर्व के साथ मनाया जा रहा है. इस मौके पर भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भारतीय सेना के साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को सलाम किया.

उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक निस्वार्थ सेवा के प्रतीक हैं और हर परिस्थिति में देश की रक्षा के लिए डटे रहते हैं. उपराष्ट्रपति ने सेना दिवस के अवसर पर उन वीर जवानों को भी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी.

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट किया, “सेना दिवस के अवसर पर मैं भारतीय सेना के बहादुर अधिकारियों, सैनिकों और पूर्व सैनिकों को सलाम करता हूं. देश की रक्षा में उनका अटूट साहस, अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान हर नागरिक को प्रेरित करता है. हम भारत की एकता और अखंडता के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा और अटूट प्रतिबद्धता का सम्मान करते हैं. इस पवित्र दिन पर हम उन वीर नायकों को गहरी कृतज्ञता के साथ याद करते हैं जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी.”

गृह मंत्री अमित शाह ने भी सेना दिवस के मौके पर भारतीय सेना के जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि सेना दिवस पर भारतीय सेना के जवानों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की बहादुरी की गूंज हमारे इतिहास के पन्नों में दर्ज है, जो हर पीढ़ी में देशभक्ति की सबसे तेज लौ जलाती है.

अमित शाह ने कहा कि देश सेवा में अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले उन सभी बहादुर जवानों को वह सलाम करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सेना के जवानों के साथ-साथ उनके परिवार भी इस सेवा में बराबर के भागीदार हैं, जो हर मुश्किल समय में अपने प्रियजनों को देश के लिए समर्पित करते हैं.

सेना दिवस के अवसर पर देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. लोग भारतीय सेना के शौर्य, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी 17 जनवरी को करेंगे मालदा का दौरा, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के शुभारंभ को लेकर आमजन उत्साहित

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read