Bharat Express DD Free Dish

एटा में दिल दहला देने वाली वारदात, एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या

Eta Murder Case: एटा जिले के नगला प्रेमी सुनहरी नगर गांव में सोमवार को दिनदहाड़े चार लोगों की हत्या कर दी गई. मृतकों में गंगा सिंह, उनकी पत्नी, पुत्रवधू और नातिन शामिल हैं.

Eta Murder Case: एटा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के शिकोहाबाद रोड पर स्थित नगला प्रेमी सुनहरी नगर गांव में सोमवार को हुई घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया. अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी. मृतकों में गृहस्वामी गंगा सिंह, उनकी पत्नी श्यामा देवी, पुत्रवधू रत्ना देवी और नातिन ज्योति शामिल हैं. वारदात के बाद पूरे मोहल्ले में डर और मातम का माहौल है.

मासूम बच्चे ने देखा खौफनाक मंजर

घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार का 10 वर्षीय बच्चा देवांश स्कूल से घर लौटा. उसने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. गेट खोलकर अंदर जाने पर उसने अपने दादा गंगा सिंह को अचेत अवस्था में देखा. ऊपर जाकर उसने अपनी दादी, मां और बहन को खून से लथपथ पाया. यह दृश्य देखकर वह चीख पड़ा और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.

अस्पताल में भी नहीं बच सकी जान

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. जांच के दौरान पता चला कि श्यामा देवी की सांसें चल रही थीं. उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई. इसके बाद चारों लोगों की मौत की पुष्टि हुई.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल बुलाया गया. डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की. अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता पांडे ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हर पहलू पर जांच जारी है.

परिवार की जानकारी

मृतक परिवार से जुड़े कमल सिंह के बारे में भी जानकारी सामने आई है. कमल सिंह की दो बेटियां और एक बेटा है. एक बेटी शादीशुदा है, दूसरी घटना के समय घर पर थी. बेटा स्कूल गया हुआ था, जिससे वह सुरक्षित बच गया. कमल सिंह शिकोहाबाद रोड पर मेडिकल स्टोर चलाते हैं.

ये भी पढ़ें-मुंबई जुहू में अक्षय कुमार के काफिले की गाड़ी हादसे का शिकार, ऑटो चालक घायल, अभिनेता और ट्विंकल खन्ना सुरक्षित

अधिकारियों का बयान

घटना के बाद डीआईजी प्रभाकर चौधरी और एडीजी आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि हत्या के कारण अभी साफ नहीं हैं. पुलिस पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read