Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सनसनी; युवक के सीने में मारी गईं गोलियां, शरीर पर ‘JS’ का टैटू… जानवर लाश खाते दिखे

दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर गांव कलछीना के पास एक युवक का गोली मारकर हत्या किया गया शव मिलने से सनसनी फैल गई है. युवक के सीने में तीन गोलियों के निशान हैं.

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. कलछीना गांव के पास सड़क किनारे एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. जिस हालत में शव बरामद हुआ, उसे देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए. आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर के लाश को यहां ठिकाने लगाया गया है.

मंगलवार के दिन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर रोज की तरह पेट्रोलिंग टीम गश्त लगा रही थी. जैसे ही टीम भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव के पास पहुंची, उन्हें सड़क किनारे कुछ संदिग्ध नजर आया. जब पास जाकर देखा तो वहां एक युवक का शव पड़ा था, जिसे आवारा जानवर नोच रहे थे. मंजर इतना डरावना था कि टीम ने तुरंत स्थानीय भोजपुर पुलिस को इसकी सूचना दी.

खबर मिलते ही थाना प्रभारी सचिन बालियान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. थोड़ी ही देर में एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना भी घटनास्थल पर पहुंच गए और जांच-पड़ताल शुरू की गई.

सीने पर तीन गोलियां और टैटू

शुरुआती जांच में जो बातें सामने आई हैं, वो किसी रंजिश की ओर इशारा कर रही हैं. पुलिस के मुताबिक, युवक के सीने पर सीधे तीन गोलियां मारी गई हैं. हत्यारों ने बेहद करीब से उसे निशाना बनाया है. पुलिस का मानना है कि हत्या करीब 24 घंटे पहले यानी एक दिन पुरानी है.

सबसे बड़ी चुनौती अब मृतक की पहचान करना है. पुलिस को युवक के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला जिससे उसका नाम-पता मालूम चल सके. हालांकि, उसके शरीर पर कुछ खास निशान मिले हैं जो पहचान में मददगार साबित हो सकते हैं:

  • युवक के सीने पर ‘क्राउन’ (ताज) का एक टैटू बना हुआ है.
  • टैटू के पास ही अंग्रेजी में ‘JS’ लिखा हुआ है.

क्या यह कोई साजिश है?

क्राइम सीन को देखने के बाद फॉरेंसिक टीम ने भी वहां से सबूत जुटाया हैं. पुलिस का कहना है कि जिस जगह लाश मिली है, वहां खून के निशान का कोई संकेत नहीं मिला हैं. इससे यह साफ होता है कि युवक को कहीं और मौत के घाट उतारा गया और एक्सप्रेसवे के सुनसान हिस्से का फायदा उठाकर उसकी लाश यहां फेंक दी गई, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके.

फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के जिलों के थानों में युवक की फोटो भेज दी गई है ताकि यह पता चल सके कि कहीं किसी गुमशुदगी की रिपोर्ट तो दर्ज नहीं है.

ये भी पढ़ें: धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल! 120 सवालों में उलझा डॉक्टर रमीज, नशे की हालत में करता था ‘गंदी बात’

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read