Ravi Pujari Arrested: मुंबई पुलिस ने अंडरवर्ल्ड और बॉलीवुड के बीच के उस काले अध्याय की एक पुरानी फाइल फिर से खोल दी है, जिसने कभी पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था. ताज़ा खबर यह है कि मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (AEC) ने गैंगस्टर रवि पुजारी को मशहूर कोरियोग्राफर और डायरेक्टर रेमो डिसूजा तथा उनकी पत्नी लिजेल को धमकाने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है.
यह मामला वैसे तो साल 2018 का है, लेकिन पुलिस ने अब जाकर इस केस में पुजारी की आधिकारिक गिरफ्तारी दिखाई है. गुरुवार को उसे मुंबई की एस्प्लानेड कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे 27 जनवरी तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है.
आखिर क्या था ये पूरा विवाद?
कहानी शुरू होती है एक फिल्म से, जिसका नाम था ‘डेथ ऑफ अमर’. इस फिल्म को लेकर रेमो डिसूजा और सत्येंद्र त्यागी नाम के एक शख्स के बीच एग्रीमेंट हुआ था. खबरों की मानें तो फिल्म के राइट्स और पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच ठन गई थी. त्यागी का दावा था कि उसने फिल्म में काफी पैसा लगाया है और उसे रेमो से करीब 5 करोड़ रुपये वापस चाहिए थे.
जब मामला सीधे तरीके से नहीं सुलझा, तो आरोप है कि सत्येंद्र त्यागी ने अंडरवर्ल्ड का सहारा लिया. उसने रेमो से पैसे वसूलने की ‘सुपारी’ गैंगस्टर रवि पुजारी को दे दी.
थर्रा गया था ‘डिसूजा’ परिवार
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि अक्टूबर 2016 से लेकर फरवरी 2018 के बीच रेमो, उनकी पत्नी लिजेल और उनके मैनेजर को रवि पुजारी के कई धमकी भरे फोन आए. पुजारी का अंदाज वही पुराना ‘अंडरवर्ल्ड स्टाइल’ था. फोन पर दबाव बनाया जा रहा था कि फिल्म को जल्द से जल्द रिलीज किया जाए और पैसों का मामला निपटाया जाए. बात सिर्फ यहीं नहीं रुकी, इस मामले को रफा-दफा करने के एवज में पुजारी ने रेमो से 50 लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी थी.
ये भी पढ़ें- ‘कितने आदमी थे’ से लकेर ‘जो डर गया…’ तक, रमेश सिप्पी और ‘शोले’ के अमर डायलॉग्स की कहानी
5 साल बाद इस केस में हुई गिरफ्तारी
आपको बता दें कि रवि पुजारी कोई नया नाम नहीं है. उसे करीब पांच साल पहले अफ्रीका के सेनेगल से डिपोर्ट करके भारत लाया गया था. वह तब से ही जेल में है और उस पर दर्जनों अन्य मामले चल रहे हैं. लेकिन रेमो डिसूजा वाले इस खास केस में उसकी गिरफ्तारी तकनीकी रूप से बाकी थी. अब मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया है ताकि इस पूरी साजिश की कड़ियों को जोड़ा जा सके और यह पता लगाया जा सके कि इसमें और कौन-कौन शामिल था.
बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड का रिश्ता दशकों पुराना है, लेकिन मुंबई पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि कानून के हाथ लंबे होते हैं और पुराने से पुराने गुनाह का हिसाब देना ही पड़ता है. फिलहाल, पुलिस अब 27 तारीख तक पुजारी से इस मामले में और ज्यादा उगलवाने की कोशिश करेगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
