Boney Kapoor CCL Update: सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग (CCL) का खुमार अब दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है. इस साल CCL 2026 में ‘बंगाल टाइगर्स’ का जलवा सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है. कोयंबटूर लेग के मैचों में टीम ने अपने प्रदर्शन से यह साबित कर दिया है कि वे सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि ट्रॉफी जीतने के लिए मैदान में उतरे हैं. फिल्म निर्माता और टीम के मालिक बोनी कपूर खुद स्टैंड्स में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का जोश बढ़ा रहे हैं. टीम के अजेय सफर और सेमीफाइनल में धमाकेदार एंट्री ने बोनी कपूर के चेहरे पर मुस्कान और फैंस के दिलों में उम्मीद जगा दी है.
यह (CCL 2026 ) महज एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि सिनेमा और खेल का एक अद्भुत संगम है, जहां बड़े पर्दे के सुपरस्टार्स अपनी अदाकारी छोड़ मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करते नजर आते हैं. जब पसंदीदा हीरो बल्ले और गेंद के साथ पसीना बहाते हैं, तो फैंस का उत्साह देखते ही बनता है. स्टेडियम में गूंजती तालियां, ग्लैमर का तड़का और रोमांचक मुकाबलों ने इस लीग को मनोरंजन का ‘सुपरहिट ब्लॉकबस्टर’ बना दिया है.
![]()
टीम पर गर्व है- बोनी कपूर
अपनी टीम की लगातार सफलताओं से उत्साहित बोनी कपूर ने कोयंबटूर से एक बयान जारी किया है. उन्होंने पुष्टि की है कि उनकी टीम लगातार तीन मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. बोनी कपूर ने अपने स्टेटमेंट दिया है. उनका यह बयान टीम के प्रति उनके जुनून और भरोसे को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि-
‘मैं कोयंबटूर में अपनी टीम बंगाल टाइगर्स का उत्साह बढ़ा रहा हूं, जिन्होंने एक साल छोड़कर पिछले साल (2024) ट्रॉफी जीती थी और इस साल वे लगातार 3 मैच जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं.
मुंबई से लेकर केरल तक सब पस्त (Bengal Tigers CCL 2026 Performance)
CCL 2026 के इस सीजन में बंगाल टाइगर्स का प्रदर्शन अब तक बैक-टू-बैक जीत के साथ अजेय रहा है. टूर्नामेंट की शुरुआत में ही टीम ने रितेश देशमुख की मजबूत टीम ‘मुंबई हीरोज’ को 4 विकेट से मात दी. इसके बाद ‘वेल्स चेन्नई किंग्स’ के खिलाफ मैच टाई रहा, लेकिन रोमांचक ‘सुपर ओवर’ में बंगाल टाइगर्स ने बाजी मार ली. वहीं, कोयंबटूर में हुए अपने तीसरे मुकाबले में उन्होंने ‘केरल स्ट्राइकर्स’ को 13 रनों से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई और सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया.

अब हैदराबाद में होगा ‘दंगल’ (CCL 2026 Semifinal Date and Time)
कोयंबटूर लेग की सफलता के बाद अब सारा एक्शन हैदराबाद शिफ्ट होने वाला है. पॉइंट्स टेबल में सेकेंड टॉप पर चल रही बंगाल टाइगर्स का अगला बड़ा मुकाबला नॉकआउट राउंड में होगा. शेड्यूल के मुताबिक, 31 जनवरी 2026 को हैदराबाद में दो सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे. अगर बंगाल टाइगर्स इस मैच में केरल स्ट्राइकर्स को हराने में कामयाब रहती है, तो वे 1 फरवरी 2026 को होने वाले फाइनल में कदम रखेंगे.
- पहला सेमीफाइनल: कर्नाटक बुलडोजर्स बनाम वेल्स चेन्नई किंग्स (दोपहर 2:00 बजे)
- दूसरा सेमीफाइनल: बंगाल टाइगर्स बनाम केरल स्ट्राइकर्स (शाम 6:30 बजे)
2024 की ‘चैंपियन’ विरासत (Celebrity Cricket League CCL 2024)
CCL 2024 का ऐतिहासिक सीजन था. उस साल बंगाल टाइगर्स ने ‘कर्नाटक बुलडोजर्स’ को हराकर पहली बार CCL की ट्रॉफी अपने नाम की थी. चूंकि 2025 में ‘पंजाब दे शेर’ विजेता बनी थी, इसलिए बोनी कपूर ने 2024 की अपनी जीत को याद करते हुए टीम को प्रेरित किया है. टीम के मालिक और को-ओनर राज शाह की मेहनत और खिलाड़ियों का समर्पण अब 2026 में भी रंग ला रहा है.

ये भी पढ़ें: गणतंत्र दिवस पर सेहत की चाबी, ‘तिरंगा डाइट’ से दूर होंगी बीमारियां
इतिहास दोहराने के लिए तैयार है बंगाल टाइगर्स
बोनी कपूर का उत्साह और ‘बंगाल टाइगर्स’ का मौजूदा फॉर्म इस बात का संकेत है कि टीम इतिहास दोहराने के लिए पूरी तरह तैयार है. ग्रुप स्टेज के सभी 3 मैचों में जीत दर्ज कर टीम ने जो मोमेंटम हासिल किया है, वह विरोधी टीमों के लिए खतरे की घंटी है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या 31 जनवरी को हैदराबाद के मैदान पर बोनी कपूर की टीम अपनी दहाड़ कायम रख पाती है और 1 फरवरी को एक बार फिर ट्रॉफी अपने नाम कर पाती है या नहीं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




