छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इन दिनों एक फिल्म की खूब चर्चा हो रही है जिसका वजह काफी खास है. गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़े ही भव्य अंदाज में फिल्म ‘गोदान’ का ट्रेलर लॉन्च किया. इस मौके पर उनके साथ आरएसएस (RSS) के केंद्रीय सदस्य अजीत महापात्र भी मौजूद रहे.
फिल्म को लेकर मुख्यमंत्री ने इसे रिलीज से पहले ही छत्तीसगढ़ में ‘टैक्स फ्री’ करने का एलान कर दिया है. यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज को एक बड़ा संदेश देने की कोशिश है कि कैसे गाय हमारे जीवन, अर्थव्यवस्था और धर्म का अहम हिस्सा हैं
इसी के साथ छत्तीसगढ़ देश का ऐसा पहला राज्य बन गया है, जिसने इस फिल्म को कर मुक्त (Tax-Free) किया है.
क्या है फिल्म की कहानी?
‘गोदान’ कोई मसाला फिल्म नहीं है. लगभग 2 घंटे 8 मिनट की यह फिल्म पूरी तरह से गाय के आर्थिक, सामाजिक और धार्मिक महत्व पर आधारित है. फिल्म के निर्माता-निर्देशक विनोद चौधरी का कहना है कि आज की युवा पीढ़ी को गौ सेवा के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक पहलुओं से जोड़ना बहुत जरूरी है. उनका मानना है कि ‘गौ सेवा ही ईश्वर सेवा है’ और यह फिल्म युवाओं के लिए एक आईने की तरह काम करेगी.

इस फिल्म का मकसद सिर्फ मनोरंजन नहीं है. मेकर्स ने फैसला किया है कि फिल्म से होने वाली कमाई का एक बड़ा हिस्सा गौशालाओं के विकास और उनके बेहतर संचालन में खर्च किया जाएगा.
सरकार और समाज का समर्थन
ट्रेलर लॉन्च के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह फिल्म समाज में गौ माता की उपयोगिता को घर-घर तक पहुंचाने का एक बेहतरीन जरिया बनेगी. वहीं, अजीत महापात्र ने लोगों से अपील की है कि वे सपरिवार इस फिल्म को देखने जाएं ताकि वे समझ सकें कि गाय सिर्फ एक पशु नहीं, बल्कि हमारी अर्थव्यवस्था और आस्था का एक मजबूत स्तंभ है.
गौशाला समिति के मीडिया प्रभारी शांतनु शुक्ला ने भी फिल्म की सराहना करते हुए इसे ‘राष्ट्रमाता’ के सम्मान में एक बड़ा कदम बताया है. उनके मुताबिक, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐसी फिल्मों की आज सख्त जरूरत है.
6 फरवरी को होगी रिलीज
‘गोदान’ 6 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. टैक्स फ्री होने की वजह से इसकी टिकटें सस्ती होंगी, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंचेंगे.
ये भी पढ़ें: ‘हिंदू समाज को बांटने वाला कानून…’ UGC के नए नियमों के खिलाफ सड़क पर छात्र, लखनऊ से अलीगढ़ तक प्रदर्शन जारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


