राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) अपने 6 दिवसीय दौरे के तहत ओडिशा के पुरी में हैं. बुधवार (4 फरवरी) की सुबह राष्ट्रपति ने 12वीं सदी के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर महाप्रभु के दर्शन किए. सिंहद्वार पर पहुंचने पर गजपति महाराज और वरिष्ठ सेवायतों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया. राष्ट्रपति ने गर्भ गृह में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की और देश की खुशहाली की कामना की. इस दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी उनके साथ मौजूद रहे.
मंदिर में दर्शन से पहले, राष्ट्रपति मुर्मू ने सुबह स्वेतगंगा में अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान (पितृ कर्म) किया. यह एक अत्यंत भावुक और निजी क्षण था, जहां उन्होंने विधि-विधान से धार्मिक रस्में निभाईं. मंदिर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के लिए 25 प्लाटून पुलिस बल तैनात किया गया था.
#WATCH | President Droupadi Murmu visits and offers prayers at Jagannath temple in Puri, Odisha pic.twitter.com/x36plwGDTg
— ANI (@ANI) February 4, 2026
ब्लू फ्लैग बीच पर शक्ति प्रदर्शन
महाप्रभु के दर्शन के बाद राष्ट्रपति मुर्मू पुरी के गोपबंधु आयुर्वेद महाविद्यालय के 75वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं. आज दोपहर का कार्यक्रम और भी खास है. राष्ट्रपति पुरी के ब्लू फ्लैग बीच (Blue Flag Beach) पर आयोजित भारतीय नौसेना के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि होंगी. यह कार्यक्रम 1971 युद्ध के ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ की याद में है. यहां 15 युद्धपोत, पनडुब्बियां और 40 विमान अपना दम दिखाएंगे. राष्ट्रपति के सामने नौसेना के एलीट मार्कोस कमांडो (MARCOS), मिग-29K और हॉक लड़ाकू विमान हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे.
मां बिरजा के दर पर पहुंचेंगी राष्ट्रपति
पुरी के कार्यक्रम निपटाने के बाद राष्ट्रपति जाजपुर के लिए रवाना होंगी. यह उनका जाजपुर का पहला दौरा है. वहां वे जिले की अधिष्ठात्री देवी मां बिरजा के मंदिर में दर्शन करेंगी. इसके अलावा नवगया में भी पिंडदान का कार्यक्रम है. इसके बाद वे बालासोर जाएंगी जहां फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी.
ये भी पढ़ें: खुल गया अमृत उद्यान, जानें कैसे मिलेगी एंट्री?
अपने घर भी जाएंगी राष्ट्रपति
अपने इस 6 दिवसीय दौरे में राष्ट्रपति (President Droupadi Murmu) अपने गृह जिले मयूरभंज भी जाएंगी. वे रायरंगपुर में स्थानीय लोगों से मिलेंगी और सिमलीपाल टाइगर रिजर्व में रात्रि विश्राम करेंगी. 6 फरवरी को वे आदिवासी महिलाओं से संवाद करेंगी और 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित महोत्सव का उद्घाटन करेंगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

