Bharat Express DD Free Dish

शामली में मारा गया रिहान अंसारी, दिल्ली-NCR का ‘आतंक’ कैसे खत्म? पढ़ें क्राइम कुंडली

Shamli Police Encounter: शामली जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई देर रात की मुठभेड़ में दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी में आतंक फैला रहा 50 हजार रुपये का इनामी डकैत रिहान अंसारी मारा गया. मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया.

Shamli Police Encounter Wanted Criminal Rihan Ansari with 90 Cases Killed Okhala Delhi NCR

Shamli Police Encounter: अमित तरार/शामली: शामली में गुरुवार देर रात झिंझाना से कसेरवा जाने वाले मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ हुई. इसमें दिल्ली के ओखला (जाकिर नगर) का रहने वाला जाकिर नगर का 50 हजार रुपये का इनामी रिहान मारा गया. उसका एक साथी मौका मिलते ही भाग गया. इस मुठभेड़ में शामली कोतवाली पर तैनात सिपाही सुमित गोली लगने से घायल हो गए हैं.

मामला गुरुवार रात का है. झिंझाना से कसेरवा मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. जिसके बाद सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर वहां आ पहुंची. बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया.

पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची

शामली एसपी एनपी सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि झिंझाना से कसेरवा गांव की ओर बाइक सवार दो बदमाश लूट के इरादे से खड़े हैं. सूचना पर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची. लेकिन, पुलिस को देखते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान सिपाही सुमित बैसला गोली लगने से घायल हो गये.

पिस्टल, खोखा कारतूस, मोबाईल फोन बरामद

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिल्ली के ओखला स्थित जाकिर नगर, गली नंबर-21 निवासी 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश रिहान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया. घायल रिहान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

हालांकि, इस घटना की सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली. एसपी ने बताया कि रिहान के खिलाफ शामली के अलावा बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट समेत विभिन्न धाराओं में 90 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी ली जा रही है.

क्या-क्या बरामद हुआ है?

पुलिस ने बदमाश के पास से 01 पिस्टल Beretta Made in Italy .32 बोर, 01 पिस्टल Country Made .32 बोर, 08 जिन्दा व 07 खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल स्पलेण्डर रंग काला बिना नम्बर प्लेट, लूटा गया मोबाईल ओप्पो व 02 अन्य मोबाईल, लूटी गयी 02 अंगूठी, लूटी गयी नगदी बरामदगी की गई है.

ये भी पढ़ें: तेलंगाना में ओवैसी ने फोड़ा ‘बम’: बताया कैसे चल रही है.., ‘BJP-कांग्रेस में 2026 की लव स्टोरी’

पिस्टल के बल पर लूट

एसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर शाम फतेहपुर निवासी राहुल और उसका दोस्त बाइक से शामली से फतेहपुर जा रहे थे. रास्ते में रिहान और उसके साथी ने पिस्टल के बल पर उनसे नगदी, मोबाइल फोन और अंगूठी लूट ली थी. इस संबंध में बाबरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. बदमाशों के पास से लूटा गया मोबाइल, अंगूठी और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है.

लूटपाट, स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता

पुलिस के अनुसार, रिहान ने नवंबर 2025 में अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर झिंझाना क्षेत्र में एक दंपती से लूट की वारदात को अंजाम दिया था. यह मामला भी झिंझाना थाने में दर्ज है. उसी के बाद रिहान पर डीआईजी‌ सहारनपुर‌ की‌‌ और‌‌ से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. आगे, पुलिस ने बताया कि रिहान पिछले दस वर्षों से अधिक समय से अपने गिरोह की कमान संभाल रहा था. वह कुख्यात याहिया गैंग के संपर्क में भी था और उसके साथ मिलकर शामली व आसपास के क्षेत्रों में लगातार लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहा था.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read