हरीश शर्मा/मेरठ: शहर देहली गेट थाना क्षेत्र के खेरनगर इलाके में ऑनलाइन गेम खेलते समय 22 वर्षीय युवक मोहम्मद कैफ को अचानक ब्रेन हेमरेज हो गया. गंभीर हालत में पहले मेरठ और फिर दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 8 तारीख को उसकी मौत हो गई. परिजनों के अनुसार कैफ लंबे समय से हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित था और दवाइयों में लापरवाही कर रहा था. डॉक्टरों के मुताबिक अत्यधिक बीपी बढ़ने से दिमाग की नस फट गई. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है. चलिए जानते है क्या है पूरा मामला?
गेमिंग के समय तबीयत बिगड़ी
मेरठ के खेरनगर इलाके में ऑनलाइन गेम खेलते समय एक 22 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत खराब हो गई. हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से दिल्ली रेफर किया गया. इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. शुरुआती जानकारी में ब्रेन हैमरेज को मौत का कारण बताया गया है.
हाई ब्लड प्रेशर की समस्या
मृतक के पिता फारूक ने बताया, युवक पहले से ही हाई ब्लड प्रेशर की बीमारी से जूझ रहा था. करीब दस साल पहले भी उसे बीपी बढ़ने की शिकायत हुई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने नियमित रूप से दवा लेने की सलाह दी थी. हालांकि, समय के साथ उसने दवाइयों में लापरवाही करना शुरू कर दिया और काफी समय से इलाज बंद कर दिया था. वहीं, चिकित्सकों का कहना है कि युवक का बीपी 300 से भी ऊपर पहुंच गई थी. अत्यधिक ब्लड प्रेशर के कारण दिमाग की नस फट गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई.
गेमिंग से बिगड़ी हालत
बताया गया कि घटना के समय युवक दोनों कानों में हेडफोन लगाकर मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेल रहा था. इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा. परिवार के लोगों ने बिना किसी देरी के उसे निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन स्थिति नियंत्रण में न आने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान 8 तारीख को उसकी मौत हो गई.
साथ ही बता दें कि मृतक को सोशल मीडिया के लिए रील बनाना बेहद पसंद था और वह मोबाइल पर काफी सक्रिय रहता था. उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई और लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

